लंदन कॉन्फ्रेंस में तकनीक परखी, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से चर्चा के बाद उदयपुर में मंगाई 4डी फेको मशीन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उदयपुर को एक बड़ी अत्याधुनिक सुविधा मिली है। अलख नयन मंदिर में राजस्थान की पहली ‘यूनिटी 4डी फेको’ तकनीक शुरू की गई है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत वाली इस अत्याधुनिक मशीन को खास तौर पर घने और कठोर मोतियाबिंद की सर्जरी में बेहतर नियंत्रण और सटीकता के लिए लाया गया है।
अलख नयन मंदिर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एल.एस. झाला ने बताया कि इस तकनीक को संस्थान में लाने से पहले उन्होंने लंदन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में मशीन का प्रत्यक्ष ट्रायल लिया। वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के नेत्र विशेषज्ञों से तकनीक की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और सर्जरी के दौरान मिलने वाले संभावित लाभों को लेकर विस्तृत चर्चा की। विशेषज्ञों की राय और स्वयं तकनीक का परीक्षण करने के बाद मशीन का ऑर्डर किया गया।
डॉ. झाला के अनुसार, यूनिटी 4डी फेको में इंटेलिजेंट फ्लूइडिक्स, इंटेलिजेंट आईओपी और इंटेलिजेंट सेंट्री जैसी आधुनिक तकनीकें शामिल हैं। ये सुविधाएं ऑपरेशन के दौरान आंख के अंदर दबाव और द्रव प्रवाह को नियंत्रित करने में सर्जन की मदद करती हैं।
इस तकनीक से विशेष रूप से कठोर मोतियाबिंद वाले मरीजों को लाभ मिल सकता है। दक्षिण राजस्थान के मरीजों को अब अत्याधुनिक उपचार के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!