भोग-विलास के आकर्षण में भूल रहे जीवन की मंजिल, आत्मकल्याण के लिए मन को साधना जरूरीःसाध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में शुक्रवार को आयोजित नियमित धर्मसभा में साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी आदि ठाणा-6 ने श्रावक-श्राविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि परमात्मा महावीर स्वामी ने साढ़े बारह वर्षों तक कठोर तपस्या कर शरीर के साथ अपने मन को भी तपाया था। जीवन में सबसे कठिन कार्य अपने तन और मन को साधना है। संसार की यात्रा करना और समुद्र पार करना आसान है, लेकिन स्वयं पर नियंत्रण प्राप्त करना अत्यंत दुर्लभ है।
साध्वीश्री ने कहा कि मनुष्य जीवन संसार को बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि संसार के बंधनों को घटाने और आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मिला है। आज मनुष्य का अधिकांश पुरुषार्थ धन, संपत्ति, अधिकार और प्रसिद्धि बढ़ाने में लग रहा है। पैसा कमाने के बाद समाज में पहचान बनाने और फिर उस प्रसिद्धि को बनाए रखने की चिंता में जीवन बीत रहा है। लेकिन स्वयं की चेतना को जानने और अपने वास्तविक उद्देश्य को समझने के लिए हम जिज्ञासा तक नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि परमात्मा की भावना है कि प्रत्येक जीव केवलज्ञान प्राप्त कर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़े। गुरु के वचन सदैव हितकारी होते हैं। गौतम स्वामी परमात्मा की देशना को अहोभाव और विनम्रता के साथ सुनते थे। प्रतिकूल परिस्थितियों में मनुष्य अक्सर अपने विवेक और विनय को भूल जाता है, जबकि जीवन में सही भाव ही व्यक्ति को सिद्धि की ओर ले जाने का माध्यम बनते हैं।इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञानजना श्रीजी, साध्वी नमन रुचि श्रीजी, साध्वी योगरुचि श्रीजी एवं साध्वी तन्मय रुचि श्रीजी ने भक्तिमय गीत प्रस्तुत किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!