फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सेवा, शोध और नवाचार को प्राथमिकता दें विद्यार्थी : कुलपति प्रो. (डॉ.) मंजू मांडोत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर, 9 सितंबर 2026। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के डबोक परिसर स्थित डिपार्टमेंट ऑफ फिजियोथेरेपी में बीपीटी एवं एमपीटी पाठ्यक्रम के सत्र 2026-27 के नवागंतुक विद्यार्थियों का अभिविन्यास समारोह आयोजित किया गया। समारोह के प्रमुख अतिथि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदयलाल डांगी रहे,  मुख्य अतिथि कुलाधिपति
 भंवरलाल गुर्जर एवं अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ.) मंजू मांडोत ने की ।
कुलपति प्रो. (डॉ.) मंजू मांडोत ने नवागंतुक विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ओर कहा कि फिजियोथेरेपी केवल उपचार की विधा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की महत्वपूर्ण सेवा है। विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ मानवीय संवेदना, शोध एवं नवाचार को अपनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कुलाधिपति श्री भंवरलाल जी गुर्जर ने विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी चिकित्सा पद्धति एवं उसकी बारीकियों से अवगत कराया तथा विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न विभागों एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विषय में दक्षता हासिल करने के साथ समाजोपयोगी कार्यों के लिए प्रेरित किया।
प्रमुख अतिथि विधायक श्री उदयलाल जी डांगी ने भींडर के सरकारी उपस्वास्थ्य केंद्र में फिजियोथेरेपी की आवश्यकता को देखते हुए वहां फिजियोथेरेपी विभाग की स्थापना हेतु विश्वविद्यालय से एमओयू करने का प्रस्ताव रखा।
विभाग के प्राचार्य व संयोजक प्रो. डॉ. शैलेन्द्र मेहता ने भी शुभकामना प्रेषित की ओर विचार रखे । समारोह में डॉ. सुमिता खण्ड ग्रोवर, डॉ. विनोद नायर, डॉ. प्रज्ञा भट्ट, डॉ. मानसकांत चक्रवर्ती, डॉ. कार्तिक सुखवाल, डॉ. प्रिया दादीच, डॉ. अर्पिता गुप्ता, डॉ. रोहिता सोनी, डॉ. चिराग पूर्विया, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. पार्थकुमार देवमुरारी सहित विभागीय कार्यकर्ता एवं शिक्षक उपस्थित रहे। समारोह में कुल 124 नवागंतुक विद्यार्थी, जिनमें बीपीटी के 100 एवं एमपीटी के 24 छात्र-छात्राएं शामिल थे, उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में डॉ. सुमिता खण्ड ग्रोवर ने अतिथियों एवं नवागंतुक विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. प्रज्ञा भट्ट ने किया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!