तृतीय चरण में 64.94% मतदान, वोटिंग में महिलाओं ने फिर मारी बाजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायतीराज आम चुनाव 2026

उदयपुर, 4 नवम्बर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत उदयपुर जिले की चार पंचायत समितियों खेरवाड़ा, ऋषभदेव, कल्याणपुर एवं नयागांव के 62 वार्डों तथा जिला परिषद के 8 वार्डों के लिए मंगलवार कुल 64.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 60.64 रहा, जबकि महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.52 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस प्रकार महिलाओं ने पुरुषों से 8.88 प्रतिशत अधिक मतदान किया।

चारों पंचायत समितियों के 62 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2 लाख 58 हजार 155 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 1 लाख 33 हजार 106 पुरुष और 1 लाख 25 हजार 49 महिला मतदाता शामिल थे। मतदान के दौरान कुल 1 लाख 67 हजार 650 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 80 हजार 714 पुरुष और 86 हजार 936 महिलाएं शामिल रहीं।

कल्याणपुर में सर्वाधिक 67.06 प्रतिशत मतदान
पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो कल्याणपुर में सर्वाधिक 67.06 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 35 हजार 612 मतदाताओं में से 23 हजार 881 ने मतदान किया। इनमें 11 हजार 330 पुरुष और 12 हजार 551 महिलाएं शामिल रहीं। कल्याणपुर में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 62.27 तथा महिलाओं का 72.06 प्रतिशत रहा।
ऋषभदेव पंचायत समिति में 66.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 67 हजार 215 मतदाताओं में से 44 हजार 865 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 21 हजार 821 पुरुष और 23 हजार 44 महिलाएं शामिल थीं। यहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 63.09 और महिलाओं का 70.62 प्रतिशत रहा।
नयागांव पंचायत समिति में कुल 70 हजार 369 मतदाताओं में से 45 हजार 648 ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 64.87 रहा। इनमें 22 हजार 81 पुरुष और 23 हजार 567 महिलाएं शामिल रहीं। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 60.59 तथा महिलाओं का 69.47 प्रतिशत रहा।
वहीं खेरवाड़ा पंचायत समिति में 62.68 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 84 हजार 959 मतदाताओं में से 53 हजार 256 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 25 हजार 482 पुरुष और 27 हजार 774 महिलाएं शामिल रहीं। खेरवाड़ा में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 58.07 और महिलाओं का 67.62 प्रतिशत दर्ज किया गया। चारों पंचायत समितियों में खेरवाड़ा का मतदान प्रतिशत सबसे कम रहा।

310 मतदान बूथों में से 303 पर 50 से 85 प्रतिशत मतदान
मतदान केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार चारों पंचायत समितियों के 62 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 310 मतदान बूथ बनाए गए थे। इनमें से 303 बूथों पर 50 से 85 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ, जबकि 7 बूथों पर मतदान प्रतिशत 20 से 49 के बीच रहा। कल्याणपुर के 47 बूथों में से 46 पर 50 से 85 प्रतिशत और एक पर 20 से 49 प्रतिशत मतदान हुआ। खेरवाड़ा के 103 बूथों में से 100 पर 50 से 85 प्रतिशत तथा 3 पर 20 से 49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नयागांव के 84 बूथों में से 81 पर 50 से 85 प्रतिशत और 3 पर 20 से 49 प्रतिशत मतदान हुआ। ऋषभदेव के सभी 76 बूथों पर 50 से 85 प्रतिशत के बीच मतदान दर्ज किया गया।

युवा से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं ने निभाई भागीदारी
मतदान के आयु वर्गवार आंकड़े भी दिलचस्प तस्वीर पेश करते हैं। चारों पंचायत समितियों और जिला परिषद के 8 वार्डों के कुल 2 लाख 58 हजार 155 मतदाताओं में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 52 हजार 163 मतदाता थे। इनमें 29 हजार 112 पुरुष और 23 हजार 51 महिलाएं शामिल थीं। 26 से 35 वर्ष आयु वर्ग में कुल 66 हजार 27 मतदाता थे, जिनमें 33 हजार 838 पुरुष और 32 हजार 189 महिलाएं थीं। 36 से 59 वर्ष आयु वर्ग में सर्वाधिक 93 हजार 324 मतदाता शामिल थे। इनमें 48 हजार 539 पुरुष और 44 हजार 785 महिलाएं थीं। वहीं 60 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग में कुल 46 हजार 641 मतदाता थे, जिनमें 21 हजार 617 पुरुष और 25 हजार 24 महिलाएं शामिल थीं। मतदान करने वालों के आयु वर्गवार आंकड़ों के अनुसार 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 26 हजार 544 मतदाताओं ने वोट डाला। इनमें 14 हजार 119 पुरुष और 12 हजार 425 महिलाएं शामिल थीं। 26 से 35 वर्ष आयु वर्ग में 42 हजार 615 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 19 हजार 725 पुरुष और 22 हजार 890 महिलाएं थीं। इसी प्रकार 36 से 59 वर्ष आयु वर्ग में 63 हजार 951 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 30 हजार 446 पुरुष और 33 हजार 505 महिलाएं शामिल थीं। 60 वर्ष एवं इससे अधिक आयु वर्ग में 34 हजार 540 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 16 हजार 424 पुरुष और 18 हजार 116 महिलाएं शामिल रहीं।

179 दिव्यांग मतदाताओं ने भी किया मतदान
निर्वाचन प्रक्रिया में दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। चारों पंचायत समितियों में 27 दृष्टिबाधित मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 19 मतदाताओं ने सहयोगी की मदद से और 8 ने बिना सहयोगी के मतदान किया। इसी प्रकार चलने-फिरने में असमर्थ 179 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 85 मतदाताओं ने सहयोगी की मदद से तथा 94 मतदाताओं ने बिना सहयोगी के मतदान किया।

आरक्षित वार्डों में भी महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक
आरक्षित वार्डों में हुए मतदान के आंकड़ों में भी महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। पंचायत समिति सदस्य चुनाव के अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षित वार्डों में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 61.23 और महिलाओं का 69.77 प्रतिशत रहा। वहीं महिला आरक्षित वार्डों में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 58.92 तथा महिलाओं का 68.92 प्रतिशत दर्ज किया गया। अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षित वार्डों में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 59.63 और महिलाओं का 64.10 प्रतिशत रहा। जिला परिषद के एसटी आरक्षित वार्डों में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 60.64 और महिलाओं का 69.52 प्रतिशत रहा। महिला आरक्षित वार्डों में पुरुषों का 60.98 और महिलाओं का 69.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस तरह तृतीय चरण के चुनाव में पंचायत समिति से लेकर जिला परिषद तक महिलाओं की मतदान में भागीदारी पुरुषों से अधिक रही।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!