ज्ञान की आराधना कर ज्ञान पंचमी मनाएंःडॉ. सुरेन्द्र मुनि

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 14 नवम्बर। देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में शनिवार को आयोजित धर्मसभा में प्रवचन करते हुए डॉ. सुरेन्द्र मुनि महाराज ने ज्ञान पंचमी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ज्ञान पंचमी को लौकिक भाषा में लाभ पंचमी के नाम से भी जाना जाता है। हमें जीवन में जो भी लाभ प्राप्त होता है, उसका उपयोग सदैव शुभ कार्यों में करना चाहिए। इसी उद्देश्य से दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में शुभ-लाभ लिखा जाता है।
डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने आगे कहा कि माता सरस्वती ज्ञान की आराध्य देवी हैं और उनकी आराधना से बालकों में ज्ञान व बुद्धि की वृद्धि होती है। जीवन में कभी भी ज्ञान की निंदा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि ज्ञान की दशा से ही जीवन का वास्तविक विकास संभव है। अज्ञानी व्यक्ति न तो स्वयं का जीवन व्यवस्थित कर पाता है और न ही दूसरों का भला कर सकता है। पल-पल के प्रत्येक कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए ज्ञान का होना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर सभा में विधि-विधान पूर्वक माता सरस्वती की आराधना करवाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित बच्चों और बड़ों ने ज्ञानदेव को नमन किया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि महाराज ने नवकार महामंत्र के पंचम पद श्णमो लोए सव्व साहूणंश् का महत्व समझाया और लोक में विद्यमान समस्त साधुजनों को नमन किया। उन्होंने कहा कि साधु-मुनि, महात्मा और तपस्वी जन हमारे लिए सदैव पूजनीय हैं, चाहे वे किसी भी संप्रदाय विशेष से क्यों न हों। उन्हें देखकर हमारे हृदय में वंदन का भाव जागृत होना चाहिए। मुनि वही है जो स्वयं सदाचार का पालन करता है और दूसरों को भी सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है।
इसी क्रम में तपस्वी मानजी स्वामी का स्मरण करते हुए उनके द्वारा किए गए सामाजिक उपकारों की विस्तार से व्याख्या की गई। आयोजन के तहत समाज द्वारा सामूहिक एकासन और तेले तप की आराधना भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थी सिंघवी परिवार की ओर से समस्त समाज का बहुमान किया गया। साथ ही सूरत, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु से पधारे समाजसेवियों का भी विशेष सम्मान किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!