’पंचायत आम चुनाव-2026’
’दो स्थलों पर होगी गणना, तैयारियां तेज’
’चाकचौबंद रहेंगे सुरक्षा बंदोबस्त’
उदयपुर, 14 नवम्बर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत उदयपुर जिले की समस्त 20 पंचायत समितियों और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना आगामी 20 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव अग्रवाल ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिले की 590 ग्राम पंचायतों के कुल 1611 मुख्य मतदान केंद्रों और सहायक मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए उदयपुर मुख्यालय पर दो प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना दो स्थानों पर होगी और प्रत्येक पंचायत समिति की गणना दो राउंड में पूरी की जाएगी। राजस्थान कृषि महाविद्यालय में 5 पंचायत समितियों झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर और गिर्वा के वोटों की गिनती होगी।
इसी प्रकार पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेष 15 पंचायत समितियों ओगणा, भीण्डर, नाई, मावली, घासा, सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुन्दा, बड़गांव, देवला, नयागांव, कल्याणपुर, खेरवाड़ा और ऋषभदेव की मतगणना संपन्न होगी। इसके अतिरिक्त, इसी विद्यालय के प्राचार्य कक्ष व एक अतिरिक्त कक्ष में जिला परिषद चुनाव के डाक मतपत्रों की गणना और परिणाम संकलन का कार्य किया जाएगा।
यह रहेगी प्रवेश व्यवस्था
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रं सिंह राठौड़ ने बताया कि मतगणना स्थलों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वारों का स्पष्ट विभाजन किया गया है। गेट नंबर 1 से संबंधित जिला परिषद एवं पंचायत समिति वार्डों के गणन अभिकर्ताओं (काउंटिंग एजेंट्स) और मीडिया कर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। गेट नंबर 2 से रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), गणना स्टाफ और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक प्रवेश करेंगे। यहां कार्मिक प्रकोष्ठ का काउंटर भी स्थापित रहेगा। अभिकर्ताओं की पहचान के लिए फोटोयुक्त प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। जिला परिषद अभिकर्ता के लिए पीला और पंचायत समिति सदस्य के अभिकर्ता के लिए नीला पास निर्धारित किया गया है। पंचायत समिति सदस्य के प्रत्येक वार्ड की गणना एक ही टेबल पर होने के कारण प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही गणन अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा।
पहले डाक मतपत्र, फिर ईवीएम से होगी गणना
जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार, मतगणना की शुरुआत में सर्वप्रथम डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती की जाएगी। इसके बाद स्ट्रांग रूम से संबंधित मतदान केंद्र की कंट्रोल यूनिट (सीयू) गणना टेबल पर लाई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणन सहायक तैनात रहेंगे, जो जिला परिषद और पंचायत समिति के वार्डों के परिणाम साथ-साथ दर्ज करेंगे। जिस वार्ड की मतगणना चल रही होगी, केवल उसी से संबंधित अभिकर्ता कक्ष में उपस्थित रह सकेंगे।
गणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 17 नवंबर को
मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को दक्ष बनाने के लिए 17 नवंबर 2026 को सुबह 10.30 बजे सुखाड़िया रंगमंच (टाउन हॉल) में प्रशिक्षण दिया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेन्द्र ओझा के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा 10 ईवीएम मशीनों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
चाक-चौबंद रहेंगी मूलभूत व सुरक्षा व्यवस्थाएं
मतगणना के दिन दोनों केंद्रों पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन के निर्देशन में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। साथ ही नगर निगम को फायर ब्रिगेड, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था रखने तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। परिणामों की जांच और राज्य निर्वाचन आयोग को प्रेषित करने की जिम्मेदारी चुनाव पश्चात मतगणना प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी दीपक मेहता को सौंपी गई है।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 को
