एक साथ 19 माह का बिल मिलने से उपभोक्ता हो रहे थे परेशान
खेरवाड़ा, जलदाय विभाग द्वारा मार्च प्रथम सप्ताह में सलूंबर से उदयपुर डिवीजन बदलने की तकनीकी समस्या की वजह से विभागीय कार्यवाही पूरी नहीं हो पाने से एक साथ 19 माह के बिल जारी किए थे जिससे आम उपभोक्ता को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस संदर्भ में दैनिक नवज्योति में विगत 12 मार्च को इस मसले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। उसी के अनुरूप उस समय दिए गए आश्वासन के मुताबिक जलदाय विभाग के सहायक अभियंता आलोक गरासिया ने बताया कि अब उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करते हुए बिल जमा कराने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2025 वार सोमवार निर्धारित की गई है। इसे जलदाय विभाग के रिकॉर्ड में भी अपडेट कर दिया गया है। यदि आज दिनांक 27 मार्च तक किसी उपभोक्ता द्वारा विलंब शुल्क सहित राशि जमा कराई गई है तो उन्हें अगले बिल में अधिक जमा कराई राशि को समायोजित कर बिल जारी किए जाएंगे। सहायक अभियंता गरासिया ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि अंतिम तिथि 31 मार्च के पूर्व अपने बिल की राशि जमा कराना सुनिश्चित करें ताकि कनेक्शन विच्छेद अथवा पेनल्टी से छुटकारा प्राप्त किया जा सके।
जलदाय विभाग ने बिल जमा करने की तिथि बढ़ाकर उपभोक्ताओं को दी राहत
