उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के विद्यार्थियों ने गणित के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने इंडियन ओलंपियाड क्वालिफायर इन मैथमेटिक्स में सफलता प्राप्त कर प्रतिष्ठित रीजनल मैथमेटिकल ओलंपियाड के लिए क्वालीफाई किया है।
इस उपलब्धि में कक्षा बारहवीं के अंशुमान बंसल ने 69 अंक प्राप्त कर उदयपुर में सिटी टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, कक्षा 10 के अर्चित जैन ने 48 अंक प्राप्त कर आरएमओ के लिए क्वालीफाई किया। कक्षा 9 की रितिशा जैन ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस प्रतिष्ठित परीक्षा के अगले चरण में स्थान बनाया।
विद्यालय प्रबंधन के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने बताया कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, गणितीय कौशल, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान की उत्कृष्ट योग्यता का परिणाम है। आरएमओ के लिए चयन गणित ओलंपियाड की आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन प्रतियोगिता में भाग लेने पर इन होनहार विद्यार्थियों को एक बड़ा मंच प्राप्त होगा जो भविष्य में कार्यक्षेत्र के चुनाव में अत्यंत लाभकारी होगाद्य
प्राचार्य संजय नरवरिया एवं उप प्राचार्य राजेश धाभाई ने तीनों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गणित के क्षेत्र में डीपीएस के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
