योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, हर वर्ग लाभान्वित हो-कलक्टर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की आमुखीकरण कार्यशाला
उदयपुर 2 सितम्बर। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की आमुखीकरण कार्यशाला व प्रशिक्षण शुक्रवार को जि़ला कलक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कलक्टर ने मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं हर जरूरतमंद को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
राज्य स्तर से आये ट्रेनर स्टेट प्रोग्राम ऑफि़सर डॉ. बुद्धिवर्धन आज़ाद ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना के संबंध में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में जि़ले के प्रधान, जिला परिषद सदस्य, जन प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों ने इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत लाभ लेने के लिए जन आधार कार्ड, जन आधार पंजीयन रसीद, आधारकार्ड एवं मोबाइल नम्बर होना ज़रूरी हैं। योजना में खाद्य सुरक्षा अधिनियम और सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के पात्र परिवार, समस्त विभागों में कार्यरत संविदा कार्मिक, कोविड अनुग्रह राशि प्राप्त परिवार, लघु एवं सीमांत कृषक श्रेणी के परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और सामाजिक आर्थिक जनगणना 211 के पात्र परिवारों को पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना अंतर्गत पंजीकृत परिवारों के समस्त सदस्य को 10 लाख तक का ईलाज निःशुल्क दिया जा रहा है जिसमें किडनी के रोग, लिवर के रोगों के साथ ही अन्य कई गंभीर बीमारियों का सभी राजकीय एवं निजी पंजीकृत अस्पतालों में ईलाज निःशुल्क दिया जा रहा हैं। पंजीकृत परिवार को 5 लाख का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है निःशुल्क श्रेणी के अलावा शेष परिवार 850 रुपए सालाना प्रीमियम जमा करवाकर ई मित्र के माध्यम से अपना पंजीयन करवा सकते हैं।
सीएमएचओ डॉ. शंकर लाल बामनिया ने बताया कि यह योजना सरकार की महत्वाकांक्षी जन कल्याणकारी योजना हैं योजना में किसी प्रकार की समस्या होने पर जि़ला स्तर पर जि़ला कार्यक्रम समन्वयक शरद पाटीदार से संपर्क किया जा सकता है। अति. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जि़ला नोडल अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया की समस्त चिकित्सा अधिकारी एवं विभागीय कार्मिक अपने क्षेत्र में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी आमजन को दें साथ ही योजना से वंचित परिवार अपना पंजीयन शीघ्र मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत करवा लें जिससे आमजन को 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा एवं 5 लाख का दुर्घटना बीमा का फ़ायदा मिले।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!