उदयपुर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री तैलिक साहू समाज पंच महासभा (छः बैठक) उदयपुर द्वारा मंगलवार को विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित होने वाले इस आयोजन को लेकर समाजजन में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
महासभा के महामंत्री कन्हैया लाल नैनावा ने बताया कि प्रातः 9 बजे से माहेश्वरी सेवा सदन में विभिन्न धार्मिक बोलियों का आयोजन होगा। इनमें ठाकुरजी की बग्गी, हवन, रुद्राभिषेक, ध्वजा, अश्व, कलश सहित अन्य धार्मिक सेवाओं की बोलियां लगाई जाएंगी, जिनमें समाजबंधु बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर समाज के सभी व्यवसायी अपने प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखकर धर्मकार्य में सहभागिता निभाएंगे।
महासभा अध्यक्ष हेमेंद्र पंडियार ने बताया कि दोपहर 1 बजे धानमंडी हनुमान चौक से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गणगौर घाट पहुंचेगी, जहां ठाकुरजी की महाआरती कर धर्म लाभ प्राप्त किया जाएगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, सुसज्जित बग्गियां, धर्मध्वजाएं एवं भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम संयोजक चंद्रशेखर दशोरा ने बताया कि शोभायात्रा के उपरांत शाम को ओसवाल भवन में विशाल महाप्रसादी का आयोजन होगा। इसके लिए लगभग 6000 समाजबंधुओं के भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी श्रद्धालु महाप्रसादी ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाएंगे।
कोषाध्यक्ष भरत पचलोडिया ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन के लिए समाजबंधुओं ने तन-मन-धन से सहयोग प्रदान किया है। समाज की एकजुटता और धार्मिक आस्था के चलते यह आयोजन भव्यता के नए आयाम स्थापित करेगा।
पुरुषोत्तम मास में आयोजित यह भव्य धार्मिक आयोजन समाज की एकता, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण बनेगा।
पुरुषोत्तम मास में उमड़ेगी आस्था की विराट धारा, साहू समाज की भव्य शोभायात्रा आज; 6000 श्रद्धालुओं के लिए होगा महाप्रसाद
