उदयपुर, 30 सितम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के विशेष अवसर पर राजस्थान के सभी जिलों में शतायु (100 वर्ष या उससे अधिक आयु) मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत राजस्थान के कुल 17,260 और अकेले उदयपुर जिले के 756 शतायु मतदाताओं का अभिनंदन किया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी (स्वीप प्रकोष्ठ) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) प्रीतम कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में जिला मुख्यालय पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा तारा संस्थान, सेक्टर-14, उदयपुर में 1 अक्टूबर को प्रातः 11.00 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सभी पंचायत और स्कूल भवनों में भी आयोजित होगा।
पंचायत स्तर पर सार्वजनिक समारोह, अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
निर्वाचन विभाग के अनुसार, यदि एक पंचायत मुख्यालय स्तर पर एक से अधिक मतदान केंद्र हैं और वहां शतायु मतदाता निवास करते हैं, तो यथासंभव एक ही स्थान पर संयुक्त कार्यक्रम रखा जाएगा। समारोह में जिला स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वरिष्ठ मतदाताओं का माला पहनाकर स्वागत किया जाएगा और मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित विशेष शुभकामना पत्र प्रदान किया जाएगा।
असमर्थ बुजुर्गों के लिए घर-घर जाएगी विशेष सम्मान समिति
ऐसे शतायु बुजुर्ग जो शारीरिक रूप से अक्षम हैं या कार्यक्रम स्थल तक आने में असमर्थ हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा इसके लिए विशेष टीमों (सम्मान समिति) का गठन किया गया है। इस समिति में बीएलओ, सुपरवाइजर, ग्राम पटवारी, स्थानीय शिक्षक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी व स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। यह टीम खुद बुजुर्गों के निवास स्थान पर जाकर उन्हें पूरे आदर-सत्कार के साथ सम्मानित करेगी।
