उदयपुर। स्वर्गीय दिव्यांशी वीरवाल की स्मृति में रविवार, 25 अक्टूबर को सुंदरवास स्थित वर्धमान पब्लिक स्कूल में विशाल निःशुल्क दंत, आयुर्वेदिक एवं मेडिकल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। गॉड ग्रेस डेंटल क्लिनिक के तत्वावधान में समाजसेवक अशोक वीरवाल एवं समाजसेविका अनीता वीरवाल ने शिविर का आयोजन किया। इसमें टीम सृजन यूथ फाउंडेशन ने सहयोग दिया। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
मुख्य अतिथि एवं नवनिर्वाचित पार्षद श्रीमती निशा सालवी ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि वर्धमान पब्लिक स्कूल के ट्रस्टी भगवतीलाल दक रहे। आयोजकों ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं उपर्णा पहनाकर स्वागत किया।
शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीता मौर्या, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. विष्णु बंसीवाल, फिजिशियन डॉ. रमाकांत माली तथा प्रोस्थोडॉन्टिक्स विशेषज्ञ डॉ. स्वराज रणपिसे ने निःशुल्क सेवाएँ दीं। डॉ. अनीता मौर्या गॉड ग्रेस डेंटल क्लिनिक की संचालिका हैं और राजस्थान सरकार से भामाशाह पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। शिविर में रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन एवं दाँतों की जाँच कर परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं। आयोजकों ने बेटी की स्मृति को जनसेवा से जोड़कर मानव कल्याण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
