• पुलिस पर 16 राउंड फायर कर भागे तस्कर; धरियावद पुलिस और डीएसटी की बड़ी कामयाबी
जयपुर 23 मार्च। प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
एसपी आदित्य ने बताया कि रविवार को डीएसटी टीम ने एक संदिग्ध पिकअप (RJ 21 GD 6056) का पीछा कर धरियावद थाना पुलिस को सूचना दी। तस्करों ने नाकाबंदी तोड़कर पुलिस की सरकारी जीप को टक्कर मारी और उदयपुर की तरफ भागे। पीछा करने के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से करीब 15-16 राउंड फायर किए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी देख तस्कर आरामपुरा के जंगलों में गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जंगल में लावारिस मिली पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 38 कट्टों में भरा अवैध डोडा-चूरा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्रशिक्षु आरपीएस शक्ति दायमा, थानाधिकारी हजारीलाल मीणा और डीएसटी इंचार्ज प्रताप सिंह की टीम ने इस सफल कार्यवाही को अंजाम दिया। धरियावद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
खबर 2: नशा तस्करों के आलीशान साम्राज्य पर चला कानून का पंजा
• 1.12 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज; तस्करों के आलीशान मकान और स्कॉर्पियो अब पुलिस के कब्जे में
जिले में मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए एसपी बी. आदित्य के नेतृत्व में पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के तहत पुलिस ने दो शातिर तस्करों की 1 करोड़ 12 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
एसपी आदित्य ने बताया कि 30 दिसंबर 2025 को धोलापानी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तस्कर भाइयों शाहरूख खान और दिलावर खान निवासी हथुनिया के खिलाफ यह कार्यवाही की गई है। वित्तीय जांच में सामने आया कि तस्करों ने एमडी, स्मैक और अफीम की तस्करी से गांव हथुनिया में 50-50 लाख रुपये के दो आलीशान मकान बनाए थे। साथ ही, तस्करी की कमाई से खरीदी गई 12 लाख रुपये की स्कॉर्पियो भी चिन्हित की गई।
दिल्ली से मिली मंजूरी, अब संपत्ति पर बोर्ड
थानाधिकारी हथुनिया उदयवीर सिंह द्वारा संपत्ति फ्रीजिंग का प्रस्ताव सफेमा (SAFEMA) अथॉरिटी नई दिल्ली को भेजा गया था। कंपिटेन्ट ऑथोरिटी से स्थाई अनुमोदन मिलने के बाद सोमवार 23 मार्च को अभियुक्तों की संपत्ति को आधिकारिक रूप से फ्रीज कर वहां जब्ती के बोर्ड लगा दिए गए हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ दिल्ली, जयपुर और मध्य प्रदेश में तस्करी के कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि तस्करों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष मदद करने वालों और अवैध कमाई से संपत्ति बनाने वालों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
