जीतो के नव निर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने संभाला कार्यभार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– नवकार महामंत्र के जाप के साथ पदभार ग्रहण, संगठन को नई दिशा देने और सभी को साथ लेकर चलने का संकल्प
उदयपुर, 30 सितंबर। भट्ट जी की बाड़ी स्थित जीतो हाउस के जीतो कार्यालय में बुधवार को जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के नव निर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में धार्मिक वातावरण के बीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से हुआ।
नवकार महामंत्र के जाप के पश्चात निवर्तमान चेयरमैन यशवंत आंचलिया ने नव निर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत को विधिवत पदभार ग्रहण करवाया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद फत्तावत ने निवर्तमान पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीतो की मूल भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर नवीन संकल्पों के साथ कार्य किया जाएगा।
फत्तावत ने कहा कि संगठन की गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। सभी सदस्यों के सहयोग और मार्गदर्शन से जीतो के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संगठन के पूर्व पदाधिकारियों के अनुभवों का लाभ लेते हुए आगामी कार्ययोजना को गति देने की बात कही।
निवर्तमान चेयरमैन यशवंत आंचलिया ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जीतो एपेक्स सचिव महावीर चपलोत, एडवाइजर नरेंद्र सिंघवी, मुख्य सचिव अभिषेक संचेती, सचिव सुधीर चित्तौड़ा, धर्मेश नवलखा, संजय भंडारी, गुणवंत वागरेचा, यशवंत कोठारी, लोकेश कोठारी, संदीप कावडिय़ा, लक्ष्मण शाह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा संगठन को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!