सृजन द स्पार्क टैलेंट हंट-2026’ में नन्हे सितारों ने बिखेरा प्रतिभा का जादू, गीत-संगीत और नृत्य से मोहा दिल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

90 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को विशेष सम्मान और प्रशिक्षण का मिलेगा अवसर

उदयपुर। प्रतिभा को पहचान और मंच देने के उद्देश्य से सृजन द स्पार्क-आसनसोल चैप्टर द्वारा आयोजित टैलेंट हंट-2026 (सोलो सॉन्ग एवं सोलो डांस प्रतियोगिता) का आयोजन उत्साह, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति का शानदार उत्सव बन गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के 90 से अधिक बच्चों ने भाग लेकर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सृजन द स्पार्क एपेक्स के चेयरमैन राजेश खमेसरा ने बताया कि इस आयोजन में संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर उभरती प्रतिभाओं ने आत्मविश्वास, अनुशासन और कला के प्रति अपने समर्पण का प्रभावशाली परिचय दिया। सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में नन्हे गायकों ने अपनी मधुर आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। ग्रुप-ए में श्रेयाशी मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रुप-बी में ऐशिकी मंडल विजेता रहीं। इसके अलावा प्रतिभागियों को बेस्ट वॉइस, बेस्ट एक्सप्रेशन, बेस्ट रिदम सेंस, जजेज चॉइस और मोस्ट प्रॉमिसिंग सिंगर जैसे विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
वहीं सोलो डांस प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप-ए में प्रदीप्ति घोष, ग्रुप-बी में धृतिमान लायक, ग्रुप-सी में अभिस्था कर्मकार तथा ग्रुप-डी में अर्णा महतो ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट वेशभूषा, अभिव्यक्ति, तालमेल, कोरियोग्राफी और उभरती प्रतिभा के लिए भी कई प्रतिभागियों को विशेष सम्मान प्रदान किए गए।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की मेहनत, आत्मविश्वास और कलात्मक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों और रचनात्मकता का उत्सव है। प्रत्येक प्रस्तुति में प्रतिभागियों का जुनून और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि चयनित प्रतिभागियों को आगामी शनिवार से निर्णायकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन बच्चों को आगामी भव्य संगीत समारोह के लिए तैयार किया जाएगा, जहां उन्हें वरिष्ठ कलाकारों द्वारा गाए गए गीतों के साथ लाइव प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
सृजन द स्पार्क-आसनसोल चैप्टर की सचिव डॉ. पूनम सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और उत्साह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके भीतर छिपी रचनात्मक ऊर्जा को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ। नन्हे कलाकारों की इस चमकदार शुरुआत ने यह साबित कर दिया कि आने वाला भविष्य इन्हीं उभरते सितारों का है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!