हत्या की आशंका, सिर में गहरी चोट के निशान मिले, पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
उदयपुर। शहर के सवीना थाना क्षेत्र के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के बाहर सोमवार सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सिर तथा शरीर में गंभीर चोटों के चलते उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार श्रावण मास के पहले सोमवार को चलते बड़ी संख्या में भक्त लोग गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे थे। उनमें से एक भक्त मंदिर के पिछवाड़े स्थित दरवाजे के समीप महिला का शव पड़ा देखा था। सूचना पर सवीना थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। जिसके बाद डिप्टी क्षिप्रा राजावत ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
थानाधिकारी व्यास ने बताया कि महिला की पहचान फांदा निवासी प्रेम गमेती की 50 वर्षीया पत्नी पुष्पा गमेती के रूप में हुई है।
महिला के सिर पर थी गंभीर चोट
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक महिला पुष्पा गमेती मंदिर के पास ही किराए के एक मकान में रहती थी। महिला के सिर पर गहरी चोट मिली है। आशंका जताई जा रही है कि उसी चोट के चलते उसकी मौत हुई। महिला का शव महाराणा भूपाल अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया है, जहां उसका पोस्टमार्टम किया गया। जिसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के बाहर मिला महिला का शव
