हथियारबंद हमले में महिला की मौत

उदयपुर, 1 अक्तूबर : जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश एक बड़े खूनी विवाद में बदल गई। मंगलवार रात मोगिया समाज के लगभग 20 हथियारबंद व्यक्तियों ने कालबेलिया परिवार पर हमला किया। हमलावरों ने तलवार और कुल्हाड़ी से हमला किया और घर में आग लगा दी। पुलिस के अनुसार आरा मशीन के पास रहने वाले अर्जुन कालबेलिया के घर पर रात करीब 11 बजे यह हमला हुआ। हमलावरों ने अर्जुन, उसकी पत्नी और बच्ची पर भी हमला किया। इस दौरान अर्जुन की मां हीराबाई के सिर में कुल्हाड़ी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हमलावरों के जाते समय कई घरों में आगजनी भी की गई, जिससे घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल फैल गया। मृतका के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इंकार कर दिया। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

मजदूर से मारपीट, मामला दर्ज
उदयपुर, 1 अक्तूबर : जिले के घासा थाना क्षेत्र में ईंट-भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों के बीच आपसी विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में कई मजदूर घायल हो गए। पुलिस के अनुसार लालाराम जाटव निवासी उत्तरप्रदेश ने रिपोर्ट दी कि वह परिवार सहित पिछले तीन साल से पलाना कला के पास रामपुरिया गांव स्थित एमबी ईंट-भट्टे पर ठेकेदारी का काम करता है। रविवार देर रात सोहनपाल, संजय, नन्ने और अंकित निवासी बदायु (उत्तरप्रदेश) मजदूरों से मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद हो गया। आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर लालाराम और उसके भाई से मारपीट कर दी। हल्ला मचने पर अन्य मजदूर पहुंचे तो हमलावर भाग गए। पीड़ित पक्ष के दो लोगों को चोटें आई हैं। घासा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!