संगीत, मनोरंजन और भाईचारे से सजी यादगार शाम, बीसीआई सदस्यों ने शानदार प्रस्तुतियों से जीता दिल
उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की ओर से आयोजित संगीतमय कार्यक्रम “वॉइस ऑफ बीसीआई – सुरों की झंकार” ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में 70 के दशक से लेकर 90 के दशक तक के सदाबहार गीतों की ऐसी सुरमयी महफिल सजी कि पूरा माहौल संगीत की सुनहरी यादों में डूब गया। बीसीआई के सदस्यों ने अपनी शानदार गायकी से एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं और श्रोताओं का दिल जीत लिया।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सदस्यों को अपनी व्यस्त जीवनशैली से कुछ समय निकालकर मनोरंजन और सुकून के पल प्रदान करना है। साथ ही, यह मंच सदस्यों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने और संगीत से जुड़ी खूबसूरत यादों को फिर से जीवंत करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि बीसीआई केवल एक व्यावसायिक मंच ही नहीं, बल्कि अपने सदस्यों की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने वाला एक परिवार भी है।
कार्यक्रम में मुकेश माधवानी, अरुण चौबीसा, सी.पी. शर्मा, योगेश उपाध्याय, देवेंद्र सिंह करीर, कमल जुनेजा और लोकेश जोशी सहित अन्य कई सदस्यों ने शानदार संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी पसंद के लोकप्रिय गीतों को खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र सिंह करीर ने भी अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने गीतों और फिल्मों पर आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के विजेताओं एवं प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए 10 आकर्षक उपहार भी प्रदान किए गए।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और भाईचारे को मजबूत बनाने के साथ-साथ उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतरीन माध्यम हैं। उन्होंने कहा, “बीसीआई के मंच पर हर प्रतिभा खास है और हर आवाज अपनी एक अलग पहचान रखती है।”
4 Attachments • Scanned by Gmail
