70वीं जिला स्तरीय हॉकी में विद्या भवन स्कूल का दबदबा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पांच वर्गों में जिला चौंपियन, 108 खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

उदयपुर, 26 सितम्बर।  70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हॉकी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच वर्गों में जिला चौंपियनशिप अपने नाम की। 23 से 26 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में विद्या भवन की 14 वर्षीय छात्र एवं छात्रा, 17 वर्षीय छात्र एवं छात्रा तथा 19 वर्षीय छात्र वर्ग की टीमों ने अपने-अपने वर्गों में विपक्षी टीमों को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में विद्या भवन की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यालय की हॉकी टीम ने 15 वर्षीय नेहरू कप प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया।
इस वर्ष विद्या भवन स्कूल के 108 हॉकी खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतियोगिता में भाग लिया। एक ही विद्यालय से किसी एक खेल में इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है। विद्यालय में हॉकी को लेकर विकसित किए गए खेल वातावरण, नियमित प्रशिक्षण और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की निरंतर पहचान का परिणाम इन उपलब्धियों में दिखाई देता है। विद्या भवन स्कूल ने पिछले एक दशक से हॉकी के क्षेत्र में लगातार अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विद्यालय की हॉकी प्रतिभाओं का प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन होता रहा है। हॉकी के क्षेत्र में विद्यालय की इसी प्रतिष्ठा के चलते पिछले वर्ष विद्या भवन को ’हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी’ को होस्ट करने का गौरव भी प्राप्त हुआ था।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्या भवन सोसाइटी के सीईओ राजेंद्र भट्ट, पूर्व संभागीय आयुक्त एवं सेवानिवृत्त आईएएस, ने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्या भवन में विकसित की जा रही अंतरराष्ट्रीय खेल अकादमी के बारे में जानकारी दी और बताया कि अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुष्पराज सिंह राणावत ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं हॉकी कोच श्री कृष्णकांत यादव को बधाई देते हुए उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण की सराहना की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!