उदयपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को डूंगरपुर में स्थानीय प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में कहा कि जैसे मोदी सरकार ने धारा 370 हटा आतंकवाद को खत्म किया, वैसे ही राजस्थान में भ्रष्टाचार, माफियाराज, कुशासन और गुंडाराज को खत्म करेगी।
शहर के स्पोट्र्स कॉम्पलेस में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान की धरा शौर्य का प्रतीक है। भक्ति और शक्ति की धरा है। किन्तु 5 साल से प्रदेश की जनता कराह रही है। राजस्थान की सरकार अपराध, महिलाओं पर अत्याचार, भ्रष्टाचार को रोकने में फैल रही है। उन्होंने कहा, देश में जिस तरह धारा 370 हटाकर आतंकवाद को खत्म कर दिया, उसी तरह राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार अपराध, भ्रष्टाचार, और महिलाओं पर अत्याचार को खत्म कर देगी।
योगी ने कहा कि राजस्थान में 5 साल से विकास के काम ठप हैं। भ्रष्टाचार और अराजकता में राजस्थान नंबर एक हो गया है। देश में सबसे महंगी बिजली, पेट्रोल, डीजल राजस्थान के अलावा और कहीं नहीं। सबसे ज्यादा पेपर लीक कर राजस्थान के युवाओं को ठगा गया है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का रहा दुनिया में सम्मान
सीएम योगी ने कहा कि आज देश को सम्मान से देखा जाता है। यह केल प्रधानमंत्री नहीं, देश के 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर आतंकवाद को खत्म करने का काम किया। पिछले 70 सालों में कांग्रेस की सरकार यह काम नहीं कर पाई। वन डिस्ट्रिक्ट—वन मेडिकल कॉलेज की देन पीएम मोदी की है। किसान सम्मान निधि, बिजली कनेक्शन, आवास और उज्जवला योजना मोदी सरकार की है।
सभा से पहले मोदी का पुलिस लाइन स्थित हैलीपेड पर राज्यसभा के पूर्व सांसद हर्षबद्र्धन सिंह, भाजपा नेता केके गुप्ता आदि ने स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी ने डूंगरपुर से भाजपा प्रत्याशी बंशीलाल कटारा, चौरासी प्रत्याशी सुशील कटारा और आसपुर प्रत्याशी गोपीचंद मीणा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
चित्तौड़़गढ़ में योगी बोले—राजवी को विधायक बनाकर भेजिए, आपको अयोध्या धाम पहुंचाएंगे
इधर, चित्तौड़गढ़ में भाजपा प्रत्याशी नरपत सिंह राजवी के समर्थन में आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप यहां से राजवीक को विधायक बनाकर भेजो। 22 जनवरी के बाद ये आपको अयोध्या लेकर जाएंगे। बाकी की व्यवस्था हम वहां देख लेंगे। योगी ने कहा कि राजवी पहले भी दस साल यहां सेवा दे चुके हैं और दोबारा आपकी सेवा में हैं। सवाल एक विधायक का नहीं, बल्कि डबल इंजन सरकार है। जब डबल इंजन सरकार बनती है तो राम मंदिर का सौभाग्य लाती है। योगी ने भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे चंद्रभान सिंह आक्या को लेकर कहा, वह बीजेपी कार्यकर्ता हैं। वह पार्टी के निर्णय से जुड़ते तो उनका सम्मान होता। चित्तौड़गढ़ की धरा के शौर्य और वीरता के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि यह धरती राणा, महाराणा तािा महारानी पद्मिनी, मीरा बाईं और पन्नाधाय की है। जिन्होंने अपनों के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी एवं प्रत्याशी नरपत सिंह राजवी ने भी संबोधित किया।
योगी की सभा में आक्या के समर्थन में लगे नारे
सीएम योगी के सभा के दौरान जब चंद्रभान सिंह आक्या का नाम लिया तो सभा में मौजूद उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कुछ समय बाद उन्हें कंट्रोल कर लिया। योगी के सभा के बाद जाने के बाद भी कार्यकर्ताओं ने आक्या के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा तथा आक्या के समर्थकों में झड़़प तथा मारपीट भी हुई।
यूपी के सीएम योगी चित्तौड़ में बोले, जिस तरह पीएम ने कश्मीर से धारा 370 हटा दी, उसी तरह राजस्थान में सरकार आते ही गुंडाराज का हो जाएगा सफाया
