भ्रूण लिंग जांच करते 2 डॉक्टर पकड़े, उदयपुर की महिला दलाल गिरफ्तार

गुजरात के हिम्मतनगर में हुई कार्रवाई, सोनोग्राफी मशीन जब्त
उदयपुर। जयपुर की पीसीपीएनडीटी टीम ने बुधवार को गुजरात के हिम्मतनगर के निजी अस्पताल से भ्रूण लिंग जांच करते दो डॉक्टरों को पकड़ा है। साथ ही उदयपुर की एक महिला दलाल को भी गिरफ्तार किया है। उनसे भ्रूण जांच की एवज में लिए गए 10 हजार रुपए तथा सोनाग्राफी मशीन जब्त की गई है।
मामला हिम्मतनगर के यशदीप अस्पताल का है, जिसके संचालक डॉ. महेंद्र कुमार तथा सहायक चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार पटेल को पकड़ने के साथ उदयपुर की महिला दलाल शांता देवी को गिरफ्तार किया है। पीसीपीएनडीटी की कार्रवाई के दौरान दोनों डॉक्टर्स घबरा गए तथा उनकी तबियत बिगड़ गई। जिन्हें एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों को निगरानी रखी जा रही है और दो सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
भ्रूण जांच का सौदा 40 हजार में
बताया गया कि भ्रूण परीक्षण के एवज में आरोपी चिकित्सकों ने 40 हजार रुपए की मांग की थी। जिसके लिए पहले एक महिला दलाल से संपर्क किया, जो उदयपुर की शांता देवी थी। इससे पहले चिकित्सा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह को पता चला कि राजस्थान-गुजरात बॉर्डर पर भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले गिरोह सक्रिय है। जिसको पकड़ने के लिए टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
महिला दलाल लेकर पहुंची अस्पताल
बताया गया कि महिला दलाल शांता देवी निजी वाहन से गर्भवती महिला और उसके सहयोगी को गुजरात लेकर पहुंची थी। जहां उन्हें पहले सामलाजी मंदिर लेकर पहुंचे तथा बाद में हिम्मतनगर स्थित यशदीप अस्पताल लेकर गईं। जहां हॉस्पिटल संचालक डॉ.महेन्द्र कुमार एवं डॉ. दीपक ने डिकॉय महिला की सोनोग्राफी की और गर्भ में पल रहे बच्चे के लिंग के बारे में जानकारी दी। डिकॉय महिला का इशारा मिलते ही टीम ने भ्रूण लिंग परीक्षण के आरोप में दलाल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों डॉक्टर को डिटेन किया था।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!