उदयपुर पुलिस का तड़के बड़ा एक्शन: 874 ठिकानों पर दबिश, 298 अपराधी और बदमाश गिरफ्तार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

• 460 से अधिक पुलिसकर्मियों की 111 टीमों ने एक साथ की कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों पर भी कसा शिकंजा

जयपुर 28 जून। उदयपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ जिला पुलिस ने रविवार अलसुबह बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाते हुए एक साथ 874 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर 298 अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, एरिया डोमिनेंस स्थापित करना तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा एवं अंजना सुखवाल के सुपरविजन में जिले के सभी वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों के नेतृत्व में 111 विशेष टीमों का गठन किया गया। करीब 460 से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जिलेभर में एक साथ कार्रवाई करते हुए अपराधियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों में वांछित 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 77 स्थायी वारंटी और 12 गिरफ्तारी वारंट का निस्तारण करते हुए कुल 89 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। सामान्य प्रकरणों में वांछित 8 अभियुक्तों को भी पुलिस ने दबोचा।
पुलिस ने पूर्व में चालानशुदा एवं आदतन अपराधियों पर भी शिकंजा कसते हुए 186 व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धाराओं 129, 170 एवं 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर पाबंद कराया। साथ ही जिले के 73 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दबिश देकर उनसे पूछताछ की गई।
अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 20 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें आबकारी अधिनियम के 16 प्रकरणों में 7 आरोपी, आर्म्स एक्ट के 1 प्रकरण में 1 आरोपी तथा जुआ अधिनियम के 3 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपराध या अपराधी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
————-

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!