चित्तौड़ जिले के पाड़ासर झरने में नहाते दो इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स डूबे

कोटा की यूनिवर्सिटी से 20 युवक आए थे घूमने, एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी डूबा
उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा स्थित पाड़ासर झरने में नहाते समय इंजीनियरिंग के दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। वह अन्य 18 स्टूडेंट्स के सााि कोटा से यहां घूमने आए थे। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम दोनों को तलाशने में जुटी है। सूचना पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक उनका पता नहीं चल पाया।
मिली जानकारी के अनुसार कोटा स्थित राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी के 20 इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स पाड़ाझर झरने के इलाके में घूमने आए थे। रविवार सुबह 11 बजे 2 स्टूडेंट्स रस्सी के सहारे झरने में नहाने उतरे थे। इस दौरान बीटेक झुंझुनूं जिले के सेकेंड ईयर के स्टूडेंट सौरभ सियाग के हाथ से रस्सी छूट गई। जिसे बचाने का प्रयास सीकर निवासी लक्ष्य छापरवाल ने किया लेकिन वह भी फिसल गया। दोनों गहरे पानी में पहुंच गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला है। बाकी स्टूडेंट्स ने पुलिस को सूचना दी। सभी स्टूडेंट बीटेक सेकेंड ईयर के हैं।
पुलिस और एसडीआरएफ टीम कर रही तलाश
घटना की सूचना पर रावतभाटा थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम पहुंची थी। टीम ने दोनों की तलाश शुरू की। एसडीआरएफ कोटा की टीम भी पहुंची है। शाम 7:15 तक एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया लेकिन दोनों नहीं मिले। अब रविवार सुबह 6 बजे से वापस रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।
तेज बहाव से जाली भी टूटी
रावतभाटा डिप्टी प्रभु लाल ने बताया कि बार-बार मना करने के बाद भी युवा यहां पर नहाने जाते हैं। झरने के आगे भंवर जैसा बना हुआ है। नहाते हुए आगे तक चले जाते हैं और फिर संभाल नहीं पाते हैं। पुलिस टीम गश्त करती है और रोक भी लेती है। मोहर्रम में ड्यूटी होने के कारण शनिवार को गश्त नहीं लगा पाए। इस दौरान यह घटना हो गई। यहां एक जाली लगी थी, जो पानी के तेज बहाव से टूट गई। वन विभाग को लेटर लिखा जाएगा कि यहां साइन बोर्ड लगाया जाए।
बारिश के बाद पर्यटन स्थलों पर भीड़
रावतभाटा सहित चित्तौड़गढ़ जिले में दो दिन से अच्छी बरसात हो रही है। बारिश के बाद बांधों में पानी आया है। झरने बहने लगे हैं। आज मोहर्रम की छुट्टी और वीकेंड के कारण यहां के टूरिस्ट प्लेस पर सामान्य से ज्यादा भीड़ है। रावतभाटा के पाड़ाझर झरने को देखने भी काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!