बहन से अवैध संबंधों की शंका पर ली युवक की जान, दो भाई गिरफ्तार

उदयपुर। जिले के कल्याणपुर क्षेत्र के मसारों की ओबरी गांव में पिछले दिनों एक युवक के सदकड़ी पुल के पास घायल अवस्था में मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर बड़ा खुलासा किया है। पता चला है कि दो भाइयों ने मिलकर युवक की हत्या अपनी चचेरी बहन के साथ अवैध संबंधों के शक के चलते कर दी थी। पत्थरों से हमला कर उसकी जान ले ली गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार 3 मई को मसारों की ओबरी निवासी शंकर मीणा ने अपने 18 वर्षीय बेटे पंकज मीणा की मौत के बाद कल्याणपुर थाने में हत्या का संदेह जताते हुए मामला दर्ज कराया। जिसमें उन्होंने बताया कि उनका बेटा करियावर गांव की हेमा नामक लड़की से प्रेम करता था। उन्हें संदेह है कि हेमा उर्फ हिमानी के परिजनों ने पंकज के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच की और हिमानी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। उसके अनभिज्ञता जताने पर पुलिस ने पंकज के घर और घटनास्थल के बीच लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगाला तो हिमानी के चचेरे भाई रजोल निवासी अनिल पुत्र कांतिलाल मीणा और प्रवीण पुत्र भीमा मीणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई बरतते ही उन्होंने कबूल कर लिया कि तीन मई को ही पत्थरों से हमला कर दोनों ने मिलकर पंकज को घायल कर दिया था। उन्हें शंका थी कि पंकज का उनकी चचेरी बहन से अवैध संबंध है और इसी बात का बदला लेने के लिए वह उसकी हत्या की साजिश रचने लगे। तीन मई को उन्हें पता चला कि वह उनकी बहन के साथ बाइक से आ रहा है तो दोनों ने उसका पीछा किया। बहन को गांव छोड़ने के बाद जब वह लौट रहा था तब सदकड़ी पुलिया के समीप उसे रोककर उस पर पत्थरों से हमला कर दिया था। वह उसे मरा समझकर भाग निकले थे। पुलिस ने दोनांें आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!