गुजराती चिकित्सक की मौत के मामले में दो गिरफ्तार

पैसों के लेन—देन के मामले में टैक्सी चालक से हुई थी बहस
उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में गुजराती चिकित्सक की मौत के मामले में पुलिस ने टैक्सी चालक सहित दो जनों को गिरफ्तार किया है। पैसों के लेन—देने को लेकर चिकित्सक की टैक्सी चालक से बहस हुई थी और टैक्सी चालक जाने लगा तो वह कार के गेट पर लटक गया था। जिसके बाद चिकित्सक दूसरी कार से टकराए और बिजली के खंभे से सिर के बल टकरा गया। सिर से हुए अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसकी मौत हो गई थी।
गोवर्धनविलास थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि मेहसाणा के डॉ. संजय पटेल की मौत के मामले में पुलिस ने सवीना निवासी 30 वर्षीय टैक्सी चालक हितेश उदासी उर्फ राहुल पुत्र राजेश सिन्धी तथा काली बावड़ी धानमंडी निवासी 20 वर्षीय दिवेश साहू उर्फ लंगड़ा पुत्र निर्मल साहू को गिरफ्तार किया है। दोनों ने कबूल किया था कि उनकी डॉ. संजय पटेल से कहासुनी हुई थी और इसी दौरान वह कार लेकर भागने लगे थे। उनके कार की खिड़की से लटकने के चलते वह सड़क किनारे चल रही दूसरी कार से टकराए और सिर के बल बिजली के खंभे से टकरा गए थे। इस घटना के बाद वह घबरा गए और भाग निकले।
इधर, पुलिस ने डॉ. पटेल के साथी मेहसाणा निवासी प्रग्नेश पटेल क शिकायत पर आईपीसी की धारा 384, 304, के तहत मामला दर्ज किया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने टैक्सी की पहचान की और आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि दोनों को बड़बडेश्वर मंदिर के पास पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि डॉ. संजय विदेश में रहते थे और भारत में अपने मित्र प्रग्नेश पुत्र शंकरलाल पटेल तथा उसके दोस्त जयेश भाई पटेल, राकेश कुमार त्रिवेदी तथा संजय कुमार पटेल के साथ घूमने आए थे। वह यहां सेक्टर 14 में चुंगीनाका के समीप होटल में ठहरे थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हितेश उदासी उर्फ राहुल के खिलाफ धोखाधडी और मारपीट के पहले से दो केस शहर के अलग—अलग थानों में दर्ज हैं। जबकि दिवेश साहू हत्या के प्रयास के एक मामले में नामजद आरोपी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!