-घर-घर गूंजेगा देशभक्ति का संदेश, संस्कृति मंत्रालय ने जारी की रूपरेखा
उदयपुर, 5 अगस्त। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से राज्य में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। पंचायती राज विभाग के शासन सचिव एवं आयुक्त डॉ. जोगा राम के अनुसार यह अभियान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने को समर्पित रहेगा। इसी क्रम में उदयपुर जिले में भी गाइडलाइन के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की रूपरेखा-
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस (14 अगस्त)- देश के बंटवारे के दौरान आमजन को हुई पीड़ा और विस्थापन की याद में जिला, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर शालीन वातावरण में सफेद पुष्पों के प्रयोग के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के आखिर में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। वहीं, 13 और 14 अगस्त को विभाजन पर आधारित प्रदर्शनी, लघु फिल्मों का प्रदर्शन एवं नाटकों का मंचन होगा। विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शनी भ्रमण आयोजित किए जाएंगे।
हर घर तिरंगा अभियान (9 से 17 अगस्त)-
अभियान के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया जाएगा। 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रत्येक गांव और ढाणी में हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी।
10 अगस्त दोपहर 1 बजे से सभी पंचायतों में ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर एवं प्रभात रैलियों का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और आमजन भाग लेंगे।
11 और 12 अगस्त को नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में प्रातः 9 से शाम 6 बजे तक मेले व प्रदर्शनी आयोजित होंगे, जिसमें स्थानीय उत्पादकों को बिक्री हेतु स्टॉल उपलब्ध कराई जाएगी। 13 से 17 अगस्त तक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे पंचायत कार्यालय, बस स्टैंड, आंगनवाड़ी पर तिरंगा कैनवास लगाया जाएगा, जिस पर नागरिक अपने हस्ताक्षर कर देशभक्ति के संदेश लिख सकेंगे। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत में ध्वजारोहण के साथ देश की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई जाएगी।
14 अगस्त शाम 7 बजे से देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों, सेवारतध्सेवानिवृत्त सैनिकों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
देशभक्ति का छाएगा उल्लास-
13 से 17 अगस्त तक सभी राजकीय भवनों, स्मारकों को तिरंगी एलईडी लाइटों और रंगोली से सजाया जाएगा। आमजन को नो प्रॉफिट नो लॉस आधार पर रियायती दरों पर तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे। 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी व निजी कार्यालयों एवं 9 से 17 अगस्त तक निजी मकानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
देशभक्ति का प्रसार करने के लिए वॉलंटियर्स को पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा। इसके मायजीओवी पोर्टल पर 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
नागरिक अपनी सेल्फी विथ तिरंगा को हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने विभागों के परस्पर समन्वय से कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप देते हुए सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
