पर्यटन शहर के ऑटोचालक ने युवतियों को छेड़ा, 2 गिरफ्तार, अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

-शहर के सुधिजनों में युवतियों की सुरक्षा की भी चिंता
उदयपुर। पर्यटन शहर के ऑटोचालक और उसके साथी ने दो दिन पहले युवतियों से अभद्रता की थी। इस आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। शहर में उन युवतियों की हिम्मत की चर्चा है जिन्होंने ऑटोचालक की अभद्रता का पुरजोर विरोध किया और पुलिस में मामला दर्ज करवाया, वर्ना कई बार ऐसे मामले पुलिस मंे दर्ज नहीं हो पाते, ऐसे में शहर के सुधिजनों ने पुलिस से उन युवतियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की भी आवश्यकता जताई है।

दरअसल, बुधवार रात को शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक व उसके साथी ने युवतियों से बदसलूकी की थी। इस पर युवतियों ने हंगामा खड़ा कर दिया था। युवती का आरोप था कि वह उदियापोल पर अपनी छोटी बहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो चालक व उसका साथी ऑटो में आए और युवतियों से फोन मांगने लगे, युवतियों का आरोप है कि फोन नहीं देने पर ऑटो चालक ने उनके साथ बदसलूकी की। युवतियों के हंगामा करने पर वहां लोग एकत्र हो गए, उन्हें देख वे वहां से भाग निकले। युवती ने कुछ लोगों के साथ अन्य ऑटो में उनका पीछा किया और सूरजपोल पर उनको पकड़ा। लोगांे ने उनकी धुनाई भी कर दी। मामला बढ़ता देख ऑटो चालक व उसका साथी ऑटो छोड़ मौके से भाग गए। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। आक्रोशित लोगों ने ऑटो में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर मौके पर सूरजपोल थाने का जाब्ता पहुंचा। युवतियों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए दो युवकों अम्बावगढ़ निवासी तनवीर हुसैन और अहमद हुसैन कॉलोनी निवासी रिजवान खान को गिरफ्तार कियाा। दोनांे आरोपितों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश पर दोनो को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस मामले में युवतियों का वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें वे कह रही हैं कि उदयपुर जैसे पर्यटन शहर को ऐसे लोग दिल्ली बनाना चाह रहे हैं। लोगों का भी कहना है कि यह तो इन युवतियों की हिम्मत थी, वरना कितनी युवतियां इतनी हिम्मत दिखा पाती हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!