सात माह से फरार मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

उदयपुर, 6 नवंबर : शहर की घंटाघर थाना पुलिस ने 55 किलोग्राम अवैध गांजा की खरीद-फरोख्त के मामले में सात माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी हितेश पुत्र अनिल निवासी एकलव्य कॉलोनी अम्बामाता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साथ ही दो सप्लायर — राणा पुत्र मणसी निवासी उपली जोगीवाड़ अम्बामाता और नरेश पुत्र नाथाराम निवासी गौपीपला थाना कोटड़ा को भी पकड़ा। थानाधिकारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में “ऑपरेशन सुदर्शन चक्र” के तहत ये कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि 8 अप्रैल 2025 को अम्बामाता थाना पुलिस ने 55 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जो हितेश कोटड़ा से खरीदा गया था। आरोपी हितेश पर पूर्व में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। अब तक इस प्रकरण में कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

नाबालिग से छेड़छाड़, युवक को मिली दो साल की सजा
उदयपुर, 6 नवंबर : नाबालिग से छेड़छाड़ के एक मामले में कोर्ट में आरोपी को दो साल की सजा सुनाई। मामले की जानकारी देते हुए विशिष्ट लोक अभियोजक महेन्द्र कुमार ओझा ने बताया कि जिले के फलासिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत 29 सितंबर 2021 की शाम अभियुक्त चेतन ने गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की और उसकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। वरिष्ठ अधिवक्ता ने आरोपी के विरुद्ध कोर्ट में 10 गवाह और 4 दस्तावेज प्रस्तुत किए। जिन्हें मद्देनजर रखते हुए पॉक्सो कोर्ट संख्या-2 के पीठासीन अधिकारी संजय कुमार भटनागर ने अभियुक्त चेतन पुत्र संकराराम (24) निवासी जालौर हाल बिछीवाड़ा थाना फलासिया को दो वर्ष के साधारण कारावास और 5 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। कोर्ट के अनुसार अर्थदंड जमा होने पर राशि पीड़िता को क्षतिपूर्ति के रूप में दी जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!