वन्दे भारत ट्रेन चलाना रेलवे बोर्ड के हाथ, फिलहाल कोई उम्मीद नहीं

-रेक उपलब्धता पर रेलवे बोर्ड करेगा निर्धारित ट्रेन संचालन
उदयपुर। उदयपुर-मुंबई के बीच वन्दे भारत ट्रेन चलने की दूर दूर तक कोई संभावना नहीं है और फिलहाल इसकी उम्मीद करना भी बेमानी होगा। वन्दे भारत ट्रेन चलाना रेलवे बोर्ड निर्धारित करता है और अभी रेलवे बोर्ड की तरफ से कोई ऐसे संकेत नहीं है कि उदयपुर-मुंबई के बीच ऐसी कोई वन्दे भारत ट्रेन का शिड्यूल तय किया गया है।
रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य जयेश चंपावत द्वारा हाल ही हुई समिति की बैठक में उदयपुर-मुम्बई के बीच वन्दे भारत ट्रेन चलाए जाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड अधिकारियों के बीच रखा गया था। रेलवे बोर्ड अधिकारी द्वारा दी गई लिखित सूचना में स्पष्ट जवाब दिया गया है कि वन्दे भारत ट्रेनों का संचालन रेक की उपलब्धता के अनुसार रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित किया जाता है। रेलवे बोर्ड के उक्त जवाब के बाद स्पष्ट है कि वर्तमान में रेलवे के पास अतिरिक्त रेक की उपलब्धता नहीं है जिसे उदयपुर और मुंबई के बीच वन्दे भारत ट्रेन के रूप में संचालित की जा सके। यह भी स्पष्ट है कि रेक उपलब्ध होने पर ही रेलवे बोर्ड उदयपुर-मुंबई के बीच वन्दे भारत ट्रेन का शिड्यूल तय कर उसके संचालन की घोषणा करेगा। ऐसे में फिलहाल उदयपुर-मुंबई के बीच वन्दे भारत ट्रेन शुरू होने की संभावनाएं और उम्मीद दूर दूर तक दिखाई नहीं देती।
रखरखाव का बजट में किया है प्रावधान
बता दें हाल ही में केंद्रीय रेल बजट में उदयपुर सिटी में वन्दे भारत ट्रेन के रखरखाव के लिए बजट का अवश्य प्रावधान किया गया है। उसकी कार्ययोजना मिलने और उसके क्रियान्वयन में अभी समय लग सकता है। उदयपुर सिटी से वन्दे भारत ट्रेन का संचालन शुरू करने से पहले रेलवे द्वारा यहां आवश्यक संसाधन विकसित करने होंगे जिसे होने में अभी कुछ समय लग सकता है। संसाधन उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद ही वन्दे भारत ट्रेन संचालन की उम्मीद की जा सकेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!