उदयपुर 7 जून। गोवा की राजधानी पणजी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भारतीय नृत्य महोत्सव-2026 में उदयपुर की सुर संगम म्यूजिक एंड डांस अकादमी ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों और शानदार उपलब्धियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। नृत्य गुरु रेनू गोरेर के कुशल मार्गदर्शन में अकादमी के 27 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने विभिन्न नृत्य श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार अपने नाम किए और उदयपुर के साथ-साथ राजस्थान का गौरव बढ़ाया।
देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच सुर संगम अकादमी के कलाकारों ने भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और लोक कलाओं की सुंदर प्रस्तुति देकर निर्णायकों और दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्या लाल (दिल्ली) एवं विशिष्ट अतिथि वैष्णवी पाटिल (मुंबई) ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय नृत्य परंपरा के संरक्षण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिता की सेमी क्लासिकल सोलो श्रेणी में डॉ. पूर्वा अग्रवाल और चाहक जरोली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं आव्या वैश्य एवं दिविता अग्रवाल ने प्रथम रनर-अप का खिताब जीता, जबकि जेनिशा मेहता को रनर-अप अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कथक श्रेणी में अकादमी की छात्राओं ने शानदार सफलता अर्जित करते हुए हर्षिता तोष्णीवाल एवं आन्वी मोहाले को विजेता बनाया। भाव्यांशी दशोरा ने प्रथम रनर-अप का स्थान हासिल किया, जबकि दुर्वांगी वर्दार ने माइनर सोलो डांस वर्ग में प्रथम रनर-अप का सम्मान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त अकादमी के प्रतिभागियों ने माइनर कैटेगरी में विजेता एवं द्वितीय स्थान तथा सूफी डांस श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं सेमी क्लासिकल ग्रुप डांस (ओपन कैटेगरी) में भी अकादमी की टीम ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर प्रथम रनर-अप का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में अकादमी के कुल 27 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत बना दिया। माइनर, जूनियर और ओपन ग्रुप के कलाकारों ने नृत्य की विविध शैलियों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर नृत्य गुरु रेनू गोरेर ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं।
सुर संगम म्यूजिक एंड डांस अकादमी की इस शानदार सफलता से उदयपुर के कला एवं सांस्कृतिक जगत में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि न केवल अकादमी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि शहर के उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।
गोवा में गूंजा उदयपुर की प्रतिभा का डंकाः भारतीय नृत्य महोत्सव-2026 में सुर संगम अकादमी ने जीते कई राष्ट्रीय सम्मान
