मुंह बोला भाई ने की थी किशोर की हत्या

चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी क्षेत्र की घटना,  मृतक की बहन से शादी कर जायदाद पाना चाहता था आरोपी
उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ीसादड़ी क्षेत्र के भैरूखेड़ा (अचलपुरा) गांव में पिछले दिनों 14 वर्षीय किशोर की हत्या उसी के मुंह बोले भाई ने की थी। उसकी इकलौती बहन से शादी कर वह जायदाद पर पूरी तरह कब्जा करना चाहता था।
मिली जानकारी के अनुसार गत 6 जनवरी को बड़ी सादड़ी थाने में डाडमचंद पुत्र दौलतराम लौहार ने अपने 14 वर्षीय बेटे घनश्याम की हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर की जांच में जुटी थी। जांच में पता चला कि घटना से पहले वह अपने मित्रों के साथ अचलपुरा स्थित सरकारी स्कूल के मैदान में पतंग उड़ाने गया था। जब उसके साथ पतंग उड़ा रहे बच्चों से पुलिस ने पूछा तो पता चला कि निकुम्भ निवासी विष्णुदास पुत्र घनश्यामदास वैष्णव उसे अपने साथ बाइक पर बिठाकर सोमपुर की ओर ले गया था और उसी रोड के किनारे वाले खेत में घनश्याम लहूलुहान अवस्था में मिला था। जिसे परिजन अस्पताल लेकर जा रहे थे कि बीच राह में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने विष्णुदास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कड़ाई बरतने पर उसने खुलासा किया कि उसी ने अपने सहयोयी निकुम्भ गांव के कैलाश पुत्र भगवानलाल मेघवाल की मदद से घनश्याम की हत्या कर दी।
जायदाद पर कब्जा करने की नीयत से रास्ते से हटा दिया किशोर
बताया गया कि विष्णुदास घनश्याम की इकलौती बहन से शादी करना चाहता था। इसमें डाडमचंद को भी कोई परेशानी नहीं थी। किन्तु विष्णुदास की सोच थी कि यदि घनश्याम रास्ते से हटा दिया जाए तो डाडमचंद की सारी जायदाद उसके नाम हो जाएगी।
हत्यारोपी पुलिस को करता रहा गुमराह
पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोपी विष्णुदास पुलिस को गुमराह करता रहा। मृतक घनश्याम के पिता डाडमचंद उस पर पूरा भरोसा करते थे। उसी ने डाडमचंद को गुमराज कर उन्हीं के बड़े भाई और उसके मिलने वालों के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवा दी थी। थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि विष्णुदास तथा उसके सहयोगी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। विष्णुदास घनश्याम की बहन से राखी बंधवाता था। तांत्रिक विद्या के बहाने उनके घर आना—जाना शुरू किया था।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!