गोगुंदा, 6 दिसंबर : जिले की बेकरिया पुलिस ने पांच दिन पहले हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को उखलियात के घने जंगलों से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थानाधिकारी उत्तम सिंह मेड़तिया के अनुसार घटना सोमवार को उस समय हुई थी जब ठंड में लकड़ी जलाने को लेकर जेसीबी चालक और मजदूरों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जेसीबी चालक जीवन सिंह (21) निवासी रिचा बावलवाड़ा ने तीन मजदूरों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में मध्य प्रदेश निवासी 23 वर्षीय वीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर—वीरन और कपूर—गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के बाद आरोपी जीवन सिंह जंगलों में छिपता रहा और लगातार लोकेशन बदलता रहा, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण बन गई।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन उखलियात जंगल में ट्रेस की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया है। पुलिस के अनुसार घटना में घायल दूसरे मजदूर वीरन की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गोगुंदा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड अवधि में पुलिस हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी करेगी।
