उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक तांत्रिक ने गृह शांति के लिए तंत्र—मंत्र करने के बहाने 19 तोले सोने के जेवरात हड़प लिए। पीड़ित ने प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज कराया है।
बताया गया कि न्यू आशापुरा बेड़वास निवासी भंवरलाल पुत्र देवीलाल ने अपनी बेटी के लगातार बीमार रहने पर रूपेश सुथार नामक व्यक्ति से सहायता मांगी। जिसने बताया कि वह तांत्रिक है और तंत्र—मंत्र के जरिए उसके स्वास्थ्य को सही कर सकता है। इसके लिए उसे तंत्र—मंत्र का सहारा लेना होगा। उसके झांसे में आकर भंवरलाल तांत्रिक रूपेश को अपने घर लाया। जिसने उसके घर के चारों तरफ घूमकर देखा और कहा कि यहां प्रेत आत्मा का वास है। जिसका उपचार तांत्रिक विद्या से ही संभव है। जिसके जरिए घर का शुद्धिकरण करना होगा। जिसके लिए बताए खर्चे के लिए उसने 11 हजार 111 रुपए दे दिए। तीन बार तांत्रिक उसके घर आया तथा तंत्र—मंत्र का नाटक किया। अंतिम बार उसने घर के सारे जेवरात के शुद्धिकरण के लिए कहा और कहा, उसके यहां जेवरत लाने होंगे। झांसे में आए पीड़ित परिवार के सदस्य 19 तोला सोने तथा चांदी के जेवरात के अलावा 70 हजार रुपए नकद लेकर उसके पास पहुंचे। जहां उसने पूजा—पाठ की तथा दो महीने बाद जेवरात ले जाने की बात कही। समय बीतने के बाद जब वह रूपेश के घर पहुंचा तो जेवरात लौटाने केा लेकर टालमटोल करने लगा। जिसके बाद पीड़ित ने मामला दर्ज कराया और बताया कि रूपेश उसे आत्महत्या करने की धमकी दे रहा है।
शुद्धिकरण के बहाने तांत्रिक ने हड़पे 19 तोला सोने के जेवरात
