अधेड़ पिता पर हमला करते पैंथर पर टूट पड़ा बेटा

उदयपुर, 2 अप्रेल( ब्यूरो)। जिले के फलासिया क्षेत्र में बीती रात को घर के आंगन में सो रहे अधेड़ पर अचानक हमला कर दिया। पिता की चीख सुन दौड़ा पुत्र नजारा देख पैंथर पर टूट पड़ा और पिता को उसके कब्जे से छुड़ाया। इस दौरान पैंथर के हमले से घायल हुए दोनों पिता पुत्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार फलासिया क्षेत्र के मदला उमरिया गांव में बीती रात को घर के आंगन में सो रहे अधेड़ पर अचानक एक पैंथर ने हमला बोल दिया। खुद को पैंथर के कब्जे पाकर अधेड़ जोर से चीख पड़ा, जो सुन पास ही कमरे में सो रहा उसका पुत्र दौड़ते हुए बाहर आया जहां अपने अधेड़ पिता को पैंथर के कब्जे में देख वह भी उस पर टूट पड़ा। उसने अपने पिता को तो पैंथर से छुड़ा लिया लेकिन खुद को छुड़ाने के लिए पैंथर के साथ करीब दस मिनट तक जूझता रहा। शोर शराबा सुन आसपास के ग्रामीण भी मौके पर आ पहुंचे जिन्हें देख पैंथर मौके से जंगल की तरफ भाग खड़ा हुआ। पड़ोसियों ने दोनों गंभीर घायल पिता पुत्र को मादड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार दिलाया और फिर वहां से जिला मुख्यालय पर एमबी चिकित्सालय रेफर किया जहां दोनों का उपचार जारी है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी मंगलवार सुबह मदला उमरिया गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!