टोल प्लाजा का बैरियर को तोड़कर भाग 25 हजार का इनामी तस्कर बच निकला

चित्तौड़गढ़। एक बार फिर बस्सी थाना क्षेत्र का कुख्यात तस्कर गंगरार पुलिस के हाथों से बच निकला। इस दौरान तस्कर को रोकने के लिए पुलिस ने फायरिंग भी की थी। पुलिस को देखते ही आरोपी टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ता हुआ भीलवाड़ा की ओर भाग निकला। अभी करीब एक महीना पहले ही उसके दो करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी पुलिस द्वारा फ्रीज कर दी गई थी। मई 2022 में इसकी पुश्तैनी घर पर पुलिस ने छापा मारा और भारी मात्रा में डोडा चूरा, अफीम, पिस्टल, बुलेट सहित नौ गाड़ियां जप्त की थीं। उस दौरान भी आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस तस्कर पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर बल्दरखा निवासी श्रीराम पुत्र भैरूलाल सुथार के चित्तौड़गढ़ की तरफ आ रहा है। इस पर एक टीम बनाकर जोजरों का खेड़ा टोल नाके पर भेजा गया। टीम द्वारा नाकाबंदी शुरू की गई। इसका नेतृत्व खुद डीवाईएसपी श्रवण कुमार संत ने किया। तस्कर श्रीराम सुथार भीलवाड़ा की ओर से एक ब्लू बलेनो कार में सवार होकर चित्तौड़गढ़ की तरफ आ रहा था। उसने गंगरार टोल नाका भी क्रॉस कर लिया था लेकिन पुलिस को देखते ही उसने अपनी गाड़ी मोड़ कर वापस भीलवाड़ा की ओर ले जाने लगा। उसकी गाड़ी को रिटर्न होते देख पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू किया। आरोपी टोल नाके के बैरियर को तोड़ता हुआ भीलवाड़ा की ओर भाग निकला।
रोकने के लिए की फायरिंग, नहीं रुका आरोपी
डिप्टी श्रवण कुमार संत ने बताया कि तस्कर को रोकने के लिए पुलिस ने कुछ राउंड फायर भी किए। काफी देर तक तस्कर का पीछा भी किया गया लेकिन तेज रफ्तार के साथ आरोपी भाग निकला। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को गांव बल्दरखा में स्थित उसकी 1.08 हेक्टेयर खेती की जमीन, 1106 स्क्वायर यार्ड पर बना रिहायशी मकान, बैंक खातों में जमा राशि और एक ट्रैक्टर को फ्रीज किया है। जिनकी कीमत करीब दो करोड़ रुपए है। यह संपत्ति उसने तस्करी में कमाई थी।
पिछले साल जब्त की थी अफीम, डोडाचूरा, पिस्टल और गाडियां
पिछले साल 2022 के मई महीने में डीएसटी और बस्सी थाना पुलिस ने मिलकर श्रीराम सुथार के मकान में बने बाड़े में दबिश देकर 1819 किलोग्राम डोडाचूरा, 4.300 किलोग्राम अफीम, एक पिस्टल, एक बुलेट सहित नौ गाड़ियां जप्त की थीं। उसी के साथ उसके मकान से 2.700 किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई। इससे पहले नाकाबंदी के दौरान उसकी स्कॉर्पियो से 302 किलोग्राम डोडाचूरा जप्त किया था। तब से आरोपी श्रीराम फरार था।
आरोपी सुथार के खिलाफ दर्ज हैं 17 मुकदमे
उसके बाद भी वह तस्करी में लिप्त रहकर जोधपुर और हरियाणा में भी मादक पदार्थों की तस्करी कर चुका है। जो वहां के मामलों में वांछित चल रहा है। आरोपी श्रीराम सुथार के खिलाफ जिला चित्तौड़गढ़ के अलावा राजस्थान के बाड़मेर, अजमेर, जोधपुर जिलों और हरियाणा में एनडीपीएस एक्ट के 14 मामले सहित कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम भी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!