सांसद मन्नालाल रावत से मिला सिंधी समाज, भूपाल हाउसिंग सोसायटी के 396 वंचित परिवारों को भूखंड दिलाने की मांग की

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-नगर निगम चुनाव में समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने का भी किया आग्रह
-सिंधी समाज ने मिलने का समय मांगा, लेकिन सांसद स्वयं उनके बीच पहुंचे
उदयपुर। झूलेलाल भवन, शक्ति नगर में उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत के आगमन पर सिंधी समाज उदयपुर ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर समाज की ओर से भूपाल हाउसिंग सोसायटी, प्रतापनगर के 396 वंचित परिवारों को भूखंड आवंटित कराने एवं वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा गया।
सिंधी समाज के प्रमुख प्रताप राय चुग, प्रतापनगर पंचायत अध्यक्ष उमेश मनवानी, विक्की राजपाल, सुरेश साधवानी, नीरज सहित अन्य पदाधिकारियों ने सांसद को बताया कि वर्ष 1948 में विभाजन के बाद सिंधी समाज के पुनर्वास के लिए तत्कालीन महाराणा भूपाल सिंह जी द्वारा लगभग 548 बीघा भूमि उपलब्ध कराई गई थी। समय के साथ विभिन्न कारणों से भूमि पर अतिक्रमण एवं अन्य विवाद उत्पन्न हो गए, जिसके चलते आज भी 396 पात्र सिंधी परिवार अपने वैधानिक भूखंडों से वंचित हैं। प्रताप राय चुग ने सांसद को पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए कहा कि समाज पिछले कई वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है तथा अब इस समस्या का स्थायी समाधान अत्यंत आवश्यक है। उमेश मनवानी ने बताया कि यूडीए द्वारा लगभग 49 लोगों को पट्टे जारी किए जा चुके हैं, लेकिन भूखंडों पर अवैध कब्जे होने के कारण आज तक वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। विक्की राजपाल ने कहा कि नामांतरण एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भी यूडीए स्तर पर अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पीड़ित परिवार लगातार परेशान हैं।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने कहा कि सांसद डॉ मन्नालाल रावत से मिलने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन उन्होंने स्वयं झूलेलाल भवन, शक्ति नगर पहुंचकर समाज की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सांसद का स्वयं समाज के बीच आकर संवाद करना सिंधी समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता एवं आत्मीयता का परिचायक है। सांसद श्री मन्नालाल रावत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि भूपाल हाउसिंग सोसायटी के वंचित परिवारों की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही उदयपुर संभागीय आयुक्त, यूडीए के अधिकारियों एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस विषय पर विशेष बैठक करेंगे तथा सभी पहलुओं पर चर्चा कर 396 वंचित परिवारों को उनके भूखंड दिलाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। सांसद रावत ने कहा कि यदि उदयपुर स्तर पर इस समस्या का समाधान नहीं हो पाता है तो वे स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से समय लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात करेंगे तथा मुख्यमंत्री के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं सिंधी समाज के वंचित परिवारों को उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करूंगा और इस मामले का शीघ्र समाधान कराने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।”
बैठक के दौरान पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भी सांसद से आग्रह किया कि जवाहर नगर, सेक्टर-4, सेक्टर-8, सेक्टर-11, शक्ति नगर एवं प्रतापनगर क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सिंधी समाज के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को पार्षद पद के टिकट देने में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज का लगभग 95 प्रतिशत वर्ग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है और यदि समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिलता है तो समाज पूरी निष्ठा एवं एकजुटता के साथ उन्हें विजयी बनाकर नगर निगम तक पहुँचाएगा। इस पर सांसद मन्नालाल रावत ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने पर पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान एवं प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन मनोहर गुरनानी, भोपाल मेहता, भारत खत्री, कैलाश डेमला, किशोर सिद्धवानी, हरीश सिद्धवानी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने सांसद डॉ मन्नालाल रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के आग्रह पर उनका स्वयं झूलेलाल भवन पहुंचकर समस्याएँ सुनना समाज के लिए गर्व और विश्वास का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सांसद के प्रयासों से वर्षों से लंबित यह प्रकरण शीघ्र सकारात्मक परिणाम तक पहुँचेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!