बांसवाड़ा में सनसनीखेज खुलासा : पत्नी ने नाबालिग-बेटे संग मिलकर पति को गला घोंटकर मारा

बांसवाड़ा। जिले में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां पति की शराब की लत से तंग आकर पत्नी ने अपने 16 वर्षीय बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई। शव को लकड़ी की सीढ़ी से बांधकर नाले में फेंक दिया गया और करीब आठ दिन तक पति के लापता होने का नाटक किया गया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस से गहन जांच की मांग की। पुलिस की सख्त पूछताछ में पत्नी ने पूरा राज उगल दिया।

26 फरवरी को गुमशुदगी, उसी दिन मिली लाश : बांसवाड़ा के पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि 26 फरवरी को मृतक की पत्नी थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी दिन एक नाले में युवक का शव बरामद हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, इसलिए पुलिस ने शुरुआती जांच उसी दिशा में की।

27 फरवरी को परिजनों ने शव की पहचान कर अंतिम संस्कार भी कर दिया। हालांकि मृतक के भाइयों को घटना संदिग्ध लगी। 1 मार्च को उन्होंने थाने में मृतक की पत्नी पर हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

शराब की लत बनी हत्या की वजह : जांच में सामने आया कि युवक शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में घर आकर पत्नी और बेटे से झगड़ा करता था। 18 फरवरी की रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और विवाद करने लगा।

लगातार हो रहे झगड़ों और घरेलू कलह से परेशान पत्नी ने हत्या की योजना बना ली थी। उसने अपने 16 वर्षीय नाबालिग बेटे को भी इस साजिश में शामिल कर लिया। उसी रात मां-बेटे ने मिलकर रुमाल से युवक का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

रिश्तेदार और सहेली की ली मदद : हत्या के बाद पत्नी ने अपने एक रिश्तेदार और सहेली को फोन कर मदद के लिए बुलाया। जांच में सामने आया कि आरोपियों में एक युवक महिला का रिश्तेदार है, जबकि दो महिलाएं आपस में सास-बहू हैं।

रात के अंधेरे में पांचों आरोपियों ने मिलकर शव को लकड़ी की सीढ़ी से बांधा और पैदल गांव के पास बहते पानी के नाले तक ले गए। वहां शव को फेंक दिया गया, ताकि यह आत्महत्या का मामला लगे।

आठ दिन तक रचा लापता होने का नाटक : हत्या के बाद पत्नी ने बेहद चालाकी से पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। करीब आठ दिन तक उसने पति के लापता होने का नाटक किया। गांव और रिश्तेदारों के बीच चिंता जताती रही और पति को ढूंढने का दिखावा करती रही।

26 फरवरी को थाने पहुंचकर उसने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी दिन नाले में शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने शव की पहचान की और अंतिम संस्कार भी कर दिया।

शक गहराया तो खुली साजिश की परतें : मृतक के भाइयों और कुछ ग्रामीणों को घटना पर संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस से मामले की दोबारा जांच की मांग की। पुलिस ने जब पत्नी और अन्य संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की, तो कहानी में कई विरोधाभास सामने आए।

अंततः पत्नी पुलिस के सवालों के आगे टूट गई और उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी, उसके रिश्तेदार, सहेली और सहेली की सास को गिरफ्तार कर लिया। वहीं 16 वर्षीय नाबालिग बेटे को डिटेन किया गया है।

सुनियोजित साजिश का हुआ पर्दाफाश : पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मर्डर को सुसाइड साबित करने के लिए पूरी योजना बनाई थी। शव को सीढ़ी से बांधकर नाले में फेंकने का उद्देश्य यही था कि यह आत्महत्या लगे।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पारिवारिक कलह और शराब की लत से उपजी इस त्रासदी ने एक परिवार को पूरी तरह बिखेर कर रख दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!