जयपुर/उदयपुर। जयपुर में 1 जून से 3 जून 2026 तक आयोजित सीनियर राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में उदयपुर की उभरती हुई खिलाड़ी विधि सनाठ्य ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना जलवा बिखेरा है। विधि ने प्रतियोगिता के 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में नया राजस्थान रिकॉर्ड (कीर्तिमान) स्थापित कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
जूनियर होकर सीनियर वर्ग में जीते 5 पदक
तैराकी प्रशिक्षक एवं जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने बताया कि विधि सनाढ्य अभी जूनियर वर्ग की तैराक हैं, लेकिन उन्होंने सीनियर वर्ग की इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। विधि ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रतियोगिता में कुल 2 स्वर्ण और 3 रजत पदक अपने नाम किए।
विधि सनाढ्य की उपलब्धियां एक नजर में
स्वर्ण पदक 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक (नया राज्य रिकॉर्ड) और 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक।
रजत पदक 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई और 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले (इंडिविजुअल मेडले)।
पंच गौरव योजना के तहत ले रही हैं प्रशिक्षण
डॉ. पालीवाल ने जानकारी दी कि विधि सनाढ्य राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत एक जिला एक खेल (ओडीओएस) तैराकी में महाराणा प्रताप खेलगांव, उदयपुर में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेलगांव और उदयपुर के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है।
विधि की इस स्वर्णिम सफलता पर राजस्थान तैराकी संघ के सचिव विनोद सनाढ्य और पूर्व जिला खेल अधिकारी विक्रम सिंह चंदेला ने हर्ष व्यक्त किया है। इसके साथ ही जिला तैराकी संघ के चंद्रगुप्त सिंह चैहान व दिलीप सिंह चैहान सहित महाराणा प्रताप खेलगांव के विभिन्न खेल प्रशिक्षकों ने विधि को बधाई दी।
बधाई देने वालों में नरपत सिंह चुंडावत (बॉक्सिंग प्रशिक्षक), रीना पुरोहित (योग प्रशिक्षक), गगन व्यास, मनोज सनाढ्य (तैराकी), जितेंद्र सिंह (स्केटिंग), शालिनी नरूका (बॉक्सिंग), चाहत जैन (जूडो प्रशिक्षक), कनिष्का चैहान (हॉकी प्रशिक्षक), नंदनी गुर्जर (वॉलीबॉल प्रशिक्षक), खेमराज गमेती (लॉन टेनिस प्रशिक्षक), उषा आचरज (बास्केटबॉल प्रशिक्षक), चेतन मेहरा (तीरंदाजी प्रशिक्षक), आकांक्षा कानावत (शूटिंग प्रशिक्षक) और भूपेंद्र सिंह झाला (जिम ट्रेनर) शामिल हैं। सभी ने विधि के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
