क्लीन उदयपुर – ग्रीन उदयपुर के संकल्प के साथ 877 महिलाओं ने किया नाइट वॉकाथॉन
– मोती मगरी गेट से फतहसागर ओवरफ्लो तक निकाली विशाल रैली, गूंजे हरित उदयपुर के नारे
– श्री महावीर युवा मंच संस्थान, महिला प्रकोष्ठ, उदयपुर का आयोजन
उदयपुर, 5 जून। झीलों की नगरी उदयपुर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था श्री महावीर युवा मंच संस्थान, महिला प्रकोष्ठ, उदयपुर की ओर से संस्थान के मुख्य संरक्षक राजकुमार फत्तावत के निर्देशन में क्लीन उदयपुर – ग्रीन उदयपुर के उद्देश्य को लेकर नाइट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। वॉकाथॉन को मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल, सकल जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत व पूर्व महापौर रजनी डांगी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वॉकाथॉन में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा वितरित किया गया।

इस अवसर पर फत्तावत ने पर्यावरण का महत्व बताते हुए कहां कि क्लीन उदयपुर – ग्रीन उदयपुर केवल एक अभियान नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी का आंदोलन है। यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे, तो उदयपुर देश के सबसे स्वच्छ और हरित शहरों में अपनी पहचान और मजबूत कर सकता है। फत्तावत ने कहां कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और झीलों के आसपास नियमित सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। नागरिकों को कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूरी और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल ने बताया कि झीलों की नगरी उदयपुर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त पहल, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा झील संरक्षण गतिविधियों को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। हाल के वर्षों में उदयपुर ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
– इन संगठनों की सदस्याओं ने लिया भाग
संस्थान की अध्यक्षा सोनल सिंघवी व महामंत्री प्रिया झगड़ावत ने बताया कि शुक्रवार को मोती मगरी गेट से फतेहसागर ओवरफ्लो तक विशाल नाईट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। जिसमें उदयपुर शहर के सर्व समाज की महिला संगठन की 877 से अधिक महिला सदस्यों ने भाग लिया। जिसमें हमराही मण्डल, विज्ञान समिति, जैन जागृति सेन्टर, बीसा नरसिंहपुरा युवा संस्थान महिला प्रकोष्ठ, जीतो लेडिज विंग, मंगल मैयत्री फतहपुरा, त्रिशला महिला मण्डल, दिव्या कुसुम मण्डल मैयत्री, रोटरी क्लब उदयपुर मीरा, प्रेसीअस क्लब उदयपुर, सुविधि महिला मण्डल, जैन धर्मवर्धनी बीसा हुमड़ महिला मण्डल, उदयपुर मारवाड़ी महिला समिति, चन्द्रप्रभु महिला मण्डल, जेएसजी संगिनी आदि संगठनों की महिलाओं ने भाग लिया।
– ये संगठन रहे विजेता
कार्यक्रम संयोजिका विजयलक्ष्मी गलूंडिया, आशा कोठारी व ऋतु मारू ने संयुक्त रूप से बताया कि वॉकाथॉन की थीम अहिंसा, शाकाहार और स्वच्छता पर रही जिसमें सभी महिलाओं ने एक ड्रेस कोड वाईट टीशर्ट व ब्लैक पेंट पहनकर दो-दो की कतार में वॉकाथॉन में शामिल हुई। मोती मगरी गेट से ओवर फ्लो तक क्लीन उदयपुर, ग्रीन उदयपुर व हरित उदयपुर के नारो से फतहसागर की पाल को गूंजायमान कर दिया। इस दौरान आयोजित दो कैटेगरी में प्रतियोगिता में निर्णायक मीना चौधरी व ममता धुपिया ने संगठन की सदस्य संख्या के आधार पर तथा दूसरी बेस्ट कोटेशन के आधार पर (विश्व पर्यावरण दिवस पर) सदस्य संख्या में हमराही मंडल प्रथम, विज्ञान समिति द्वितीय जैन जागृति सेंटर क्वींस तृतीय स्थान पर रहे वहीं, बेस्ट कोटेशन प्रतियोगिता में जैन जागृति सेंटर क्वींस प्रथम, जैन धर्मवर्धिनी बीसा हुमड महिला मंडल द्वितीय व विज्ञान समिति तृतीय स्थान पर रहे। जिन्हे क्रमश: 5000, 3000 व 2000 के नकद पुरस्कार, उपरणा व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चन्द्र प्रकाश चोरडिया, दीपक सिंघव, अरूण मेहता, भूपेन्द्र गजावत, नितिन लोढ़ा, वीरेन्द्र महात्मा सहित कई सदस्य व्यवस्था में विशेष रूप से लगे हुए थे।
