कवि डॉ. कुमार विश्वास के नाम पर शुरू हुई स्कॉलरशिप, लखनऊ के विद्यार्थी का हुआ चुनाव

उदयपुर। देश के जाने माने कवि डॉ. कुमार विश्वास के प्रशंसकों के परिवार ‘विश्वासम्’ द्वारा शुरू की गई वार्षिक स्कॉलरशिप ‘विश्वासम् विद्यावृत्ति’ के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विद्यालय का चयन किया गया। लखनऊ के अलीगंज स्थित सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेन्डरी स्कूल के पांचवी कक्षा के छात्र शिवांश त्रिपाठी को इस स्कॉलरशिप के लिए चयनित किया गया। योजना के तहत शिवांशु की एक वर्ष पूरी फीस, किताबें, कॉपियां और पूरे साल भर के लिए स्टेशनरी का अन्य सामान विश्वासम् परिवार की ओर से दिया गया। यह स्कॉलरशिप कवि कुमार विश्वास के एनजीओ ‘विश्वास ट्रस्ट’ के माध्यम से विद्यालय को सौंपी गई।

विश्वासम् परिवार की सदस्या वृंदा श्रीवास्तव ने बताया कि ‘विश्वासम् विद्यावृत्ति’ के अंतर्गत चयनित विद्यार्थी की विद्यालय फीस, स्टेशनरी तथा आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का पूरा खर्च विश्वासम् परिवार द्वारा वहन किया जाएगा। विद्यार्थी की पूरी फीस एकमुश्त सीधे संबंधित विद्यालय को विश्वास ट्रस्ट के माध्यम से सौंप दी गई है। वहीं पुस्तकें, कॉपियां और स्टेशनरी से संबंधित अन्य सामान परिवार की ओर से विद्यार्थी को उपलब्ध करा दी गई हैं।

कवि कुमार विश्वास के प्रशंसकों के परिवार विश्वासम् की परिवार प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. धर्मेंद्र नागदा ने बताया कि ‘विश्वासम् विद्यावृत्ति’ के लिए विद्यार्थियों का चयन उनकी पारिवारिक आर्थिक स्थिति, अध्ययन के प्रति उनकी जिज्ञासा और प्रतिबद्धता तथा पूर्व वर्षों के शैक्षणिक रिकॉर्ड के आधार पर किया गया है। चयन प्रक्रिया में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अनुमोदन भी किया। इसके साथ ही यह भी विशेष रूप से ध्यान रखा गया कि छात्रवृत्ति ऐसे विद्यालय के विद्यार्थी को प्रदान की जाए, जहाँ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति आधारित संस्कारों का भी समावेश हो।

विश्वासम् परिवार से जुड़ीं रक्षा सर्राफ ने बताया कि ‘विश्वासम् विद्यावृत्ति’ इसी भावना के साथ प्रारंभ की गई है, ताकि योग्य और मेहनती विद्यार्थी केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने शैक्षणिक सपनों से वंचित न रह जाएँ और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहभागी बन सकें। मुकेश गुप्ता ने बताया कि यह स्कॉलरशिप किसी एक व्यक्ति के द्वारा नहीं दी जा रही है, बल्कि डॉ. कुमार विश्वास के प्रशंसकों के परिवार ‘विश्वासम्’ के सदस्यों ने अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार विश्वास ट्रस्ट में धनराशि भेजी, फिर उस धनराशि को विश्वास ट्रस्ट के द्वारा विद्यालय के बैंक खाते में जमा किया गया। उन्होंने बताया कि इस स्कॉलशिप में सहयोग करने वाले सदस्यों में गृहणियां और विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने नियमित खर्चों से एक हिस्सा इस कार्य के प्रदान किया है।

सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने शिवांश को आर्शीवाद देते हुए कहा कि विश्वासम् परिवार और विश्वास ट्रस्ट की उम्मीदों पर सदा खरा उतरना। उन्होंने विश्वासम् और विश्वास ट्रस्ट को भी साधुवाद देते हुए चयन प्रक्रिया की तारीफ की। वहीं विश्वास ट्रस्ट के मैनेजर राम औतार शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट के द्वारा लगातार सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य भी किए जाते हैं। लेकिन इस तरह से प्रशंसकों द्वारा स्कॉलरशिप योजना की शुरुआत करना वाकई बड़ी बात है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े कई काम किए जाते हैं, स्कूली बच्चों और शिक्षकों की फीस दी जाती है, कई जागरुकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं, लेकिन प्रशंसकों की ओर से अपने स्तर पर इतना बड़ा प्रयास वाकई में प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है। शर्मा ने स्कॉलरशिप के लिए चुने गए शिवांश को शुभकामनाएं दीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!