उदयपुर। गुरु अम्बेश महिला मण्डल, हिरण मगरी उपसंघ, उदयपुर द्वारा वर्षाकालीन पिकनिक एवं वर्ष 2026-28 की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव का आयोजन दिनांक 05 अगस्त 2026 को दूधतलाई की मनोरम एवं प्राकृतिक वादियों में उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सभी सदस्यों के स्वागत एवं स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ हुआ। इसके पश्चात वर्ष 2026-28 की नई कार्यकारिणी के चुनाव सर्वसम्मति से निर्विरोध सम्पन्न हुए। चुनाव में रेणु सिंयाल को अध्यक्ष, प्रमिला चोर्डिया को उपाध्यक्ष, तारा वागरेचा को महामंत्री, प्रिया झगड़ावत को कोषाध्यक्ष, मैना चव्हाण को सहमंत्री, मोनिका मांडावत को सहकोषाध्यक्ष तथा किरण मेहता को शिक्षामंत्री निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेणु सिंयाल ने हमारे संवाददाता को बताया कि मण्डल की सभी सदस्याओं ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मण्डल का उद्देश्य सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक सौहार्द को सुदृढ़ करना है तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
सभी सदस्याओं ने हाउजी, मनोरंजक खेलों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। हँसी-खुशी और उल्लास से भरपूर इन गतिविधियों ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता सदस्याओं को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सुहावने वर्षाकालीन मौसम और दूधतलाई की प्राकृतिक छटा ने आयोजन की सुंदरता में चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नवनिर्वाचित महामंत्री तारा वागरेचा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली मण्डल की समस्त कार्यकारिणी, वरिष्ठ सदस्याओं एवं सभी सहयोगी बहनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, सहभागिता एवं आत्मीयता के कारण यह आयोजन अत्यंत सफल एवं अविस्मरणीय बन सका।
अंत में सभी सदस्याओं ने स्वादिष्ट एवं लजीज व्यंजनों के साथ सामूहिक भोजन का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ मण्डल की गतिविधियों में सहभागी बनने का संकल्प लिया।
