डेंगू-मलेरिया की रोकथाम को लेकर निकाली जन-जागरूकता रैली

रैली में स्वयं भी शामिल हुए जिला कलक्टर, लोगों को दिया संदेश
उदयपुर, 10 अक्टूबर। जिले में डेंगू-मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल भी शामिल हुए तथा मार्ग में आमजन से संवाद कर उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव का संदेश दिया।
शहर के सेटेलाइट हॉस्पिटल चांदपोल के समीप गुरूवार को जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली डेंगू प्रभावित क्षेत्र गांधी नगर, मल्ला तलाई, रामपुरा होते हुए गांधी नगर स्थित जनता क्लिनिक पहुंच कर संपन्न हुई। रैली में जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल, सीएमएचओ, अधीक्षक, डिप्टी सीएमएचओ सहित सभी अधिकारी शामिल हुए। रास्ते में आने वाले सभी प्रकार के जल स्रोतों का निरीक्षण कर लार्वा वाले पात्रों को मौके पर ही खाली करवाया। घरों में और आसपास सफाई रखने को लेकर आमजन की समझाइश की। जिला कलक्टर ने लोगों से चिकित्सा विभाग, नगर निगम और उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान सैटेलाइट अधीक्षक डॉ राहुल जैन, डिप्टी सीएमएचओ डॉ अंकित जैन सहित अन्य अधिकारीगण, नर्सिंग प्रशिक्षु, आशा और एएनएम ने भाग लिया।
रैली में सभी प्रतिभागी बैनर, पोस्टर, पेम्पलेट, तख्तियां लेकर चल रहे थे। रैली के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि अपने घरों और घरों के आसपास पानी इकट्ठा नहीं होने दें। आसपास के खाली पड़े प्लाट्स में कचरा नहीं फैलाएं। घरों में रखे टीन के डिब्बे, कूलर, टंकी, नारियल के खोल,टायर, गमलों और गमलों की ट्रे इत्यादि जिनमें पानी इकट्ठा होता है उन्हें तुरंत खाली करने की जानकारी दी गई। उधर, भूपालपुरा क्षेत्र में भी डॉ कैलाश शर्मा के निर्देशन में जागरूकता रैली निकाली गई।

आरएनटी में मनाया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
उदयपुर, 10 अक्टूबर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर रवीन्द्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में विविध आयोजन हुआ। प्राचार्य डॉ विपिन माथुर के निर्देशन में व मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ सुरेश चंद गोचर, सहायक आचार्य डॉ दिलीप सिंह वर्मा एवं फिजियोलॉजी विभाग की आचार्या डॉ सोनिका चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मेडिकल छात्रों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। डॉ. सुरेश गोचर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न मानसिक रोगों तनाव, चिंता, अवसाद एवं सायकोसिस आदि के बारे में बताया। महाराणा भूपाल चिकित्सालय पोर्च में सीनियर रेजिडेंट डॉ. रंजीत सिह, डॉ सुमीत कौर एवं रेजीडेंट डॉ मनवीर कौर, डॉ रोहित यादव के निर्देशन में कुल 15 मेडिकल छात्र ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इसके अलावा रंगोली प्रतियोगिता में कुल 6 टीम में भाग लिया जिसमे प्रथम स्थान कुणाल एंड टीम एवं दितीय स्थान पर ख़ुशी एंड टीम रहे। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने भाग लिया जिसने प्रथम स्थान पर ख्याति एंड टीम एवं द्वितीय स्थान पर प्रियांशु एंड टीम रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ विजय गुप्ता, डॉ सुरेश गोचर, डॉ सुमीत कौर एवं रेजीडेंट डॉ मनवीर कौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा सेमिनार एवं वीडियो के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के बारे में समझाया। डॉ दिलीप सिंह वर्मा ने आभार जताया।

आज खुले रहेंगे पंजीयक कार्यालय
उदयपुर, 10 अक्टूबर। पंजीयक एवं मुद्रांक विभाग के महानिरीक्षक के दिशा-निर्देशानुसार आमजन की सुविधार्थ शुक्रवार 11 अक्टूबर को राजकीय अवकाश में भी समस्त पूर्णकालिक एवं पदेश उप पंजीयक कार्यालय खुले रहेंगे। विभाग के उप महानिरीक्षक ने बताया कि शुक्रवार को आमजन की सुविधा हेतु दस्तावेजों के पंजीयन एवं अन्य समस्त राजकीय कार्य संपादित किये जाएंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!