उदयपुर। प्रेशियस क्लब के सहयोग से ‘रिदम’ ऑनलाइन गणगौर कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें गणगौर क्वीन कॉन्टेस्ट सीजन-3 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम टीबीज़ेड ज्वेलर्स में आयोजित हुआ, जहां प्रतिभागी महिलाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वर्षा राव उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट एवं समाजसेवी डॉ. बलदीप शर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर डॉ. बलदीप शर्मा द्वारा महिला स्वास्थ्य पर एक महत्वपूर्ण हेल्थ टॉक प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने महिलाओं को दैनिक जीवन में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित दिनचर्या अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि “महिला का स्वास्थ्य सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज का निर्माण करती है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेशियस क्लब की अध्यक्ष प्रीति चपलोत एवं सचिव प्रियंका सिंघवी द्वारा की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन भी इन्हीं के नेतृत्व में हुआ।
प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल अरुणिमा गोस्वामी द्वारा संभाला गया। प्रतियोगिता में ‘रिधिम ऑनलाइन गणगौर क्वीन कॉन्टेस्ट सीजन-3’ के विजेताओं में प्रथम स्थान उदयपुर की मधु शर्मा, द्वितीय स्थान चित्तौड़ की निशा कौशिक तथा तृतीय स्थान बांसवाड़ा की मोनिका पंकज को प्राप्त हुआ।
इसके अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार ज्योति सिंघवी, प्रिया साहू, भारती करनपुरिया, दीपिका जैन एवं निर्मला कोठारी को प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया। प्रेशियस क्लब इस कार्यक्रम में सपोर्टिंग पार्टनर रहा।
