तीन चरणों में रवाना होंगे मतदान दल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायत आम चुनाव 2026
उदयपुर, 8 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उदयपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में सम्पन्न होने जा रहे हैं। चुनाव को अति महत्वपूर्ण श्रेणी में रखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल ने पंचायत समितिवार मतदान दलों की रवानगी, अंतिम प्रशिक्षण, स्ट्रांग रूम और मतगणना को लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

आदेश के अनुसार, तीनों चरणों के मतदान के बाद आगामी 20 नवंबर 2026 मतगणना की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण के मतदान दलों की रवानगी 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को होगी। इस चरण में झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़ और वल्लभनगर पंचायत समितियों के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण सुखाड़िया रंगमंच नगर निगम उदयपुर में आयोजित किया जाएगा, जबकि इन चारों समितियों के लिए रवानगी एवं स्ट्रांग रूम स्थल राजस्थान कृषि महाविद्यालय उदयपुर को बनाया गया है। इसी चरण की गिर्वा, ओगणा, भीण्डर, नाई, मावली और घासा पंचायत समितियों के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण और रवानगी व स्ट्रांग रूम स्थल पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय उदयपुर तय किया गया है, जहां विभिन्न समितियों के लिए सुबह 8 से 10 बजे और सुबह 11 से दोपहर 1 बजे के अलग-अलग समय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसी प्रकार, द्वितीय चरण के मतदान दलों की रवानगी 27 अक्टूबर  को निर्धारित की गई है। इस चरण में सायरा, कोटड़ा, गोगुन्दा और बड़गांव पंचायत समितियों के दलों का अंतिम प्रशिक्षण सुखाड़िया रंगमंच में होगा, जबकि सुलाव और देवला पंचायत समितियों के मतदान दलों को पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय के हॉल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। द्वितीय चरण की इन सभी छह पंचायत समितियों के लिए मतदान दलों की रवानगी और स्ट्रांग रूम स्थल पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय उदयपुर ही रहेगा। चुनाव के अंतिम व तृतीय चरण में मतदान दलों की रवानगी 2 नवंबर को होगी। इस चरण की चारों पंचायत समितियों नयागांव, कल्याणपुर, खेरवाड़ा और ऋषभदेव के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण सुखाड़िया रंगमंच में पारियों के अनुसार आयोजित किया जाएगा। इन सभी के लिए भी रवानगी एवं स्ट्रांग रूम स्थल पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय ही तय किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!