—30 किलो चांदी की बरामदगी के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार
—महिलाओं के कपड़े पहनकर करते थे चोरी
उदयपुर। जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में 1.80 करोड़ रुपए कीमत के 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना चोरी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनसे 30 किलो चांदी बरामद की है। इनके बाकी तीन साथी अभी फरार हैं। जिनसे बाकी की ज्वेलरी बरामद की जानी है। पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले का खुलासा करते हुए एसपी डॉ अमृता दुहन ने बताया कि आरोपी शिवा उर्फ शिवलाल कंजर पिता डालरिया उर्फ पंकलाल, कालुलाल पिता मोहर कंजर और महेन्द्र पिता भूरालाल कंजर को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी चित्तौड़गढ़ के विजयपुर निवासी हैं। इनमें आरोपी शिवा के खिलाफ पूर्व चोरी-नकबजनी के 5 मामले, कालुलाल पर 8 और महेन्द्र के खिलाफ 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनसे पूछताछ में कई और घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। पूछताछ में पता लगा कि कुल 6 आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। जिनमें अर्जुन पिता रमेश, रामचन्द्र पिता कानाजी और कुंदन पिता राजेन्द्र की तलाश जारी है।
महिलाओं के कपड़े पहनकर करते थे चोरी : एसपी ने बताया कि आरोपी रात के समय अपनी बाइक लेकर दूसरे कस्बे या गांव में जाते। वहां अपनी पहचान छिपाने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनकर रैकी और वारदात को अंजाम देते थे। मोबाइल फोन नहीं रखते। बात करने पर कोड वर्ड में पक्षियों की आवाज निकालते थे। हथियार के साथ बंद और सूने मकान-दुकानों को निशाना बनाते थे।
6 नकाबपोश बदमाशों ने की थी चोरी : चोरी 15 मार्च को कुराबड़ के सदर बाजार में मोहित ज्वेलर्स की दुकान पर हुई। चोर यहां से 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना कट्टों में चुराकर ले गए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और डीवीआर तोड़कर ले गए थे। हालांकि बाजार के रास्ते में एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था जिसमें करीब 6 नकाबपोश बदमाश आते-जाते नजर आ रहे थे। उनके हाथ में धारदार हथियार भी थे। पीड़ित परिवार उदयपुर रहता है और यहीं से अप-डाउन करता है। पहली मंजिल पर किराएदार रहते हैं लेकिन वे 11 मार्च से बाहर गए हुए थे। बदमाशों ने मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
1.80 करोड़ की ज्वेलरी की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा
