उदयपुर,15 अप्रेल। जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र में पुलिस की सजगता से करोड़ों के मोबाइल और इलेक्ट्रिकल सामान लुटने से बच गया। दरअसल लुटेरों ने कंटेनर चालक को बंधक बनाया और कंटेनर लूटकर ले जा रहे थे कि पुलिस ने लुटेरों का पीछा कर महज एक घंटे में कंटेनर सामान सहित जब्त कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली से मुम्बई के लिए मोबाइल तथा अन्य इलेक्ट्रिकल सामान से भरा कंटेनर खेरोदा थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। इसका पता लुटेरों की गैंग को लगा तो वह खाली कंटेनर लेकर उसका पीछा करने लगे। शुक्रवार रात सात बजे मेनार के पास अंधेरे में लुटेरों ने अपना कंटेनर उसके सामने लगा दिया था। उन्होंने मोबाइल तथा इलेक्ट्रिकल सामान लेकर जा रहे कंटेनर चालक को उतारा तथा उसके साथ मारपीट की। उसे बंधक बनाया तथा हाथ—पैर बांधकर एक खेत में पटक गए। जाते समय लुटेरे कंटेनर ले जाने के साथ उसका मोबाइल भी छीनकर ले गए थे। काफी मशक्कत के बाद चालक ने खुद के बंधन खोले तथा एक राहगीर के जरिए पुलिस को सूचित किया। खेरोदा थानाधिकारी पवन सिंह ने त्वरित कार्रवाई कर लुटेरों के कंटेनर का पीछा किया तथा देबारी के पास पुलिस उसे रूकवाने में कामयाब हो गई। हालांकि लुटेरे भागने में सफल रहे। इस तरह करोड़़ों रुपए कीमत के मोबाइल तथा इलेक्ट्रिकल सामान लूट से बच गया। भटपुरा—उत्तरप्रदेश निवासी कंटेनर चालक राजेश पुत्र राजेन्द्र कुमार की ओर से अपहरण और लूट का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों तथा लूट के लिए लाए अन्य कंटेनर का भी पता लगाने में जुटी है।
उदयपुर के खेरोदा क्षेत्र में मोबाइल एवं इलेक्ट्रिकल सामान से लदा कंटेनर लूटा, पुलिस ने एक घंटे में कर लिया बरामद
