उदयपुर में 38 लाख 94 हजार 426 रूपए में हुई थी पीएम मोदी की सभा

मंच पर थे 9 प्रत्याशी, सबके खते में जुड़ेगा चुनावी खर्चा
– चुनाव निगरानी पर्यवेक्षकों ने माना था 92 लाख का खर्च, भाजपा की आपत्ति के बाद घटाकर किया 38 लाख 94 हजार
उदयपुर। उदयपुर के बलीचा में हुई पीएम नरेन्द्र मोदी की सभा में कुल 38 लाख 94 हजार 426 रूपए खर्च हुआ था। इस सभा में कुल 9 प्रत्याशी मंच पर थे इसलिए हर प्रत्याशी के खाते में 4 लाख 32 हजार 718 रुपए का खर्च आया है। चुनाव आयोग के निगरानी पर्यवेक्षकों ने इससे पहले खर्च का आंकलन 92 लाख 13 हजार 426 रुपए किया था। इस हिसाब से प्रति प्रत्याशी की ओर से किया गया खर्च 10 लाख 23 हजार 714 रुपए आंका गया था। निगरानी दल के आंकलन को जरूरत से ज्यादा बताते हुए भाजपा की ओर से चुनाव व्यय को चैलेंज किया गया था जिस पर सुनवाई के बाद खर्च घटाया गया। इस सभा में उदयपुर जिले की सभी 8 सीटों व राजसमंद की नाथद्वारा सीट से भाजपा प्रत्याशी शामिल हुए थे। निर्वाचन आयोग ने कुल चुनावी खर्च में 53.19 लाख रुपए की छूट दी है। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ उदयपुर की भाजपा के साथ हुई बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सहित कुल 5 अधिकारियों ने निर्णय लिया कि निगरानी दल की ओर से गलत आंकलन कर लिया गया था इससे खर्चा बढ गया। आपको बता दें कि नाथद्वारा से विश्वराजसिंह, उदयपुर शहर से ताराचंद जैन, ग्रामीण से फूलसिंह मीणा, सलूंबर से अमृतलाल मीणा, खेरवाड़ा से नानालाल अहारी, झाड़ोल से बाबूलाल खराड़ी, गोगुंदा से प्रताप लाल भील, वल्लभनगर से उदयलाल डांगी व मावली से कृष्ण गोपाल पालीवाल को सभा के खर्च का 9वां हिस्सा अपने चुनाव खर्च में जोडना है।

पीएम की सभा के डोम का खर्च, मैदान में कुसीं की क्षमता व बस-कारों का खर्च जब आंका गया तो डोम के लिए 300 रुपए प्रति वर्ग फीट का हिसाब लगाया गया व खर्च 33 लाख जोड़ा गया। भाजपा के सीए तथा चुनाव व्यय अभिकर्ताओं ने तर्क दिया कि चित्तौड़गढ़ में प्रियंका गांधी की कांग्रेस की सभा में 9 रुपए प्रति वर्ग फीट की रेट लगाई गई है। इस पर टेंट बिल के आधार पर आयोग ने 25 रुपए प्रति वर्ग फीट के हिसाब से रेट फाइनल की।  इसी प्रकार 40 हजार प्लास्टिक और 1000 डनलप कुर्सियां सरकारी स्तर पर बताईं जिसे भी मैदान की क्षमता के आधार पर कम किया गया।ऐसे ही 150 बस, 400 जीप-कार का खर्च जोड़ा था। सीडी देखने के बाद बसों की संख्या को सही माना गया, जबकि पार्टी का झंडा लगी जीप कारों की संख्या को संख्या को 100 माना गया।  सभा में 20 से 22 हजार लोगों की मौजूदगी को आंकते हुए टोपियों की संख्या 8 हजार मानी गई।  कार्यक्रम का वीडियो देखकर खर्च का पुनः आंकलन किया गया। भाजपा ने खर्च 25 लाख 60 हजार बताया था मगर वस्तु स्थिति के आधार पर खर्च का आंकलन 38 लाख 94 हजार 426 रुपए माना। अबएक प्रत्याशी के खाते में 4 लाख 32 हजार 718 रुपए का खर्च दिखाया जाएगा। गौरतलब है कि पीएम मोदी की सभा में हुए खर्च के बारे में उदयपुर शहर प्रत्याशी को नोटिस भी दिया गया था।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!