देवाली विद्यालय में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प, विद्यार्थियों ने ली शपथ

उदयपुर। देश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवाली ग्रामीण में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जीवन में कभी भी नशीले पदार्थों का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं संस्थान के परियोजना समन्वयक जोगेंद्र सिंह चैहान ने कहा कि किशोरावस्था में जिज्ञासा के चलते किया गया नशा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकार में डाल सकता है। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर नशे से होने वाले शारीरिक नुकसानकृजैसे फेफड़ों और लीवर की बीमारियांकृतथा मानसिक दुष्प्रभावों जैसे एकाग्रता में कमी और अवसाद के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
विद्यालय की प्रिंसिपल आशा सरुप्रिया ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करना भी है। उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई और भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियानों से जुड़े रहने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आरोग्य सेवा संस्थान की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर विजयपाल सिंह, राकेश सिंह, रीना धोबी, सागर बिलोची, सुदर्शन सिंह, श्वेता कंवर और हर्षवर्द्धन सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
संस्थान द्वारा उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ‘नशा मुक्त भारत’ का संकल्प साकार हो सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पोस्टर और नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!