उदयपुर, 6 अगस्त. जिले के झाड़ोल क्षेत्र में शनिवार बीती रात ढूंढकिया के समीप से गुजर रही निजी बस पर बदमाशों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से यात्री इतने डर गए कि वह बस की सीटों के नीचे छिप गए। पथराव में कुछ यात्रियों को चोटें आई। हालांकि चालक बस को सुरक्षित निकालने में सफल रहा और सीधे थाने लेकर पहुंचा तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बताया गया कि घटना झाड़ोल—गोगुंदा रोड की थी। घटना के समय बस में तीस से ज्यादा सवारी थी, जिनमें बच्चे तथा महिलाएं भी शामिल थीं। पथराव में सात यात्रियों को चेाटें आई, जिनका प्राथमिक उपचार झाड़ोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया।
बताया गया कि बस में सवार यात्री पाली के सादड़ी स्थित परशुराम जी मंदिर में दर्शन कर वापस झाड़ोल लौट रहे थे। ढूंढकिया में सुनसान रोड़ पर अचानक बस पर पथराव होने लगा। जिससे यात्री सहम गए। वे जान बचाने के लिए सीट से उतरकर नीचे बैठ गए। पथराव से बस की खिड़कियों के कांच टूट गए।
चालक ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए तेज रफ्तार में बस को आगे ले गया। फिर बस को झाड़ोल थाने ले गया। जिसके बाद पुलिस जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि उदयपुर में झाड़ोल मार्ग पर रात में गुजरने वाले वाहनों पर बदमाशों के पथराव की घटनाओं को लेकर कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन अभी तक इस तरह की घटनाएं नहीं थम पाईं।
झाड़ोल—गोगुंदा रोड पर निजी बस पर पथराव, सीटों के नीचे छिपे यात्री
