मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश घोषित

उदयपुर 17 नवंबर। विधानसभा चुनाव 2023 के तहत समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित निजी या सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, औद्योगिक उपक्रम या व्यवसाय में कार्यरत कामगारों का मतदान दिवस 25 नवंबर, 2023 को सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है।
संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 (ख) में निहित प्रावधानों के अनुसार किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य स्थापन में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करने का अधिकार है। श्रम आयुक्त राजस्थान ने उक्त प्रावधानों के तहत मतदान दिवस 25 नवम्बर को सवैतनिक अवकाश देने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसी क्रम में उदयपुर जिले के निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को उनके क्षेत्र में मतदान दिवस को उनके संस्थानों में कार्यरत सभी कामगारों जिसमें आकस्मिक कामगार भी सम्मिलित हैं उन्हें सवैतनिक अवकाश प्रदान करने संबंधित आदेश प्रसारित कराने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।

मतदाता जागरूकता के लिए साइक्लोथॉन रैली 19 को
उदयपुर, 17 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार विधानसभा आम चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल के निर्देशन में जारी स्वीप गतिविधियों की श्रृंखला में साइक्लोथॉन रैली का आयोजन 19 नवंबर को होगा। स्वीप प्रकोष्ठ की प्रभारी व जिला परिषद सीईओ कीर्ति राठौड़ ने बताया कि मतदान के प्रति जागरूक करती साईक्लोथोन रैली 19 नवंबर को सुबह 7 बजे देवाली छोर से प्रारंभ होकर फतहसागर पाल हाते हुए काला किवाड़ से होकर पुनः देवाली छोर पर आकर सम्पन्न होगी। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कार्मिक, विद्यार्थी, एनसीसी व स्काउट गाइड आदि भागीदारी निभाएंगे।

पेंशन कार्यालय की ओर से 636 जीवन प्रमाण-पत्र जारी
उदयपुर, 17 नवंबर। पेंशन कार्यालय उदयपुर की ओर से राजस्थान सिविल पेंशनर द्वारा जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के लिए कार्यालय उदयपुर में आधार नम्बर से ऑथेन्टीकेडेट बायोमेट्रिक मशीन द्वारा अब तक 510 एवं जीवन प्रमाण मोबाइल एप से फैस ऑथेन्टिकेशन द्वारा 126 जीवन प्रमाण-पत्र बनाये गये है। अतिरिक्त निदेशक पेंशन भारती राज ने बताया कि कुल 636 जीवन प्रमाण-पत्र बनाये जा चुके है। उन्होंने आह्वान किया है कि वंचित पेंशनर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में प्रातः 10ः30 से सायः 4ः30 बजे तक उपस्थित होकर अपना जीवन प्रमाण-पत्र बनवा सकते है।

राष्ट्रीय लोक अदालत 9 को
उदयपुर 17 नवंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के अध्यक्ष के निर्देशन में 09 दिसंबर  को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के संबंध में  राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी एडीजे श्रीमती संदीप कौर ने उदयपुर जिले के न्यायिक अधिकारीगण की ऑनलाइन बैठक लेकर राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए। प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!